- त्योहारों के मौसम में यातायात नियमों के पालन हेतु पुलिस का सघन वाहन चेकिंग अभियान जारी
जांजगीर-चांपा, 14 अक्टूबर 2025। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा ड्रिंक एंड ड्राइव तथा यातायात उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई तेज कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
तीन शराबी वाहन चालक पकड़े गए
अभियान के दौरान तीन वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। सभी चालकों के विरुद्ध धारा 185 मोटर वाहन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उनके वाहनों को जब्त किया गया है। पुलिस ने बताया कि इन चालकों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
37 चालकों पर यातायात उल्लंघन की कार्रवाई
वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने तेज गति (ओवरस्पीडिंग), बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाने, ट्रिपल सवारी करने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 37 चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए समन शुल्क वसूल किया।
लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया शुरू
मालवाहक गाड़ियों में सवारी बैठाने, तेज रफ्तार से वाहन चलाने एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध पुलिस द्वारा लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई भी की जा रही है। अधिकारीगणों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के प्रति किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।
नियम पालन ही सुरक्षा की गारंटी: पुलिस की अपील
यातायात पुलिस जांजगीर ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनें और यातायात नियमों का पालन करें।
पुलिस ने आमजन से कहा है कि –
- शराब के नशे में वाहन न चलाएं।
- तेज गति से वाहन न चलाएं।
- हेलमेट पहनकर मोटरसाइकिल चलाएं।
- मोटरसाइकिल में ट्रिपल सवारी न करें।
- मालवाहक वाहन, ट्रैक्टर या पिकअप में सवारी न बैठाएं।
- रात्रि यात्रा में विशेष सतर्कता बरतें।
- नशे या नींद की स्थिति में वाहन चलाने से बचें।
- नाबालिगों को वाहन चलाने न दें।
लगातार चल रहा है अभियान
जांजगीर-चांपा पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिले में यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



