Vedant Samachar

नवीन विधानसभा की सीलिंग पर उकेरी गई धान की बालियां, बस्तर के शिल्पियों ने बनाए फर्नीचर…

Vedant Samachar
2 Min Read

रायपुर,14अक्टूबर (वेदांत समाचार) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन का लोकार्पण करेंगे। लोकार्पण की तैयारियां जोरशोर से की जा रही है। विधानसभा भवन की सीलिंग पर धान की बालियां उकेरकर संदेश दिया गया है कि छत्तीसगढ़ वाकई धान का कटोरा है। भवन में निर्मित ज्यादातर फर्नीचर बस्तर के शिल्पियों ने तैयार किया है।

उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर में निर्माणाधीन छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। आधुनिक व सर्वसुविधायुक्त इस भवन में छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा की झलक दिखाई देगी। फिनिशिंग कार्य अंतिम चरण में हैं और दीपावली के बाद शिफ्टिंग का काम शुरू कर दिया जाएगा।

राज्य निर्माण के दौरान राजकुमार कॉलेज में चलता था सदन
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि 25 साल पहले वर्ष 2000 में रायपुर के राजकुमार कॉलेज में टेंट से शुरू हुए छत्तीसगढ़ के विधानसभा को खुद का भव्य भवन मिलने जा रहा है। नवीन विधानसभा भवन सर्वसुविधायुक्त, सुसज्जित तथा अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसे अगले 50 वर्षों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। भविष्य में पेपरलेस विधानसभा संचालित हो सके, इसका भी ध्यान रखा गया है। सदन के भीतर के ज्यादातर फर्नीचर बस्तर के शिल्पकारों द्वारा तैयार किए गए हैं। सीलिंग पर धान की बालियां उकेरी गई हैं। इस नए भवन में छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा की झलक दिखेगी, जहां छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं के अनुरूप फैसलों को आकार मिलेगा।

उप मुख्यमंत्री ने नए विधानसभा परिसर का अवलोकन करने के बाद नवा रायपुर स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर पहुंचकर राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह और प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी आदि मौजूद थे।

Share This Article