Vedant Samachar

KORBA:गोल ऑफिस में भिड़े लिपिक और ठेकेदार, विवाद ने लिया मारपीट का रूप — दोनों पक्षों पर दीपका पुलिस ने दर्ज किया काउंटर केस

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा,13 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। एसईसीएल की गेवरा परियोजना स्थित गोल ऑफिस में शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब किसी कार्य को लेकर लिपिक और ठेकेदार के बीच कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। घटना के बाद दोनों पक्षों को चोटें आईं और पुलिस ने दोनों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

दीपका थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर लगभग 1 बजे शारदा विहार कॉलोनी निवासी लिपिक अंकित बोकार्ड और ठेकेदार अंकित जायसवाल के बीच किसी कार्य से जुड़ी बात को लेकर विवाद हो गया। प्रारंभ में यह विवाद मौखिक बहस तक सीमित था, लेकिन देखते ही देखते दोनों के बीच झूमाझटकी और फिर मारपीट की नौबत आ गई। ऑफिस परिसर में मौजूद कर्मचारियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला।

सूत्रों के अनुसार, झगड़े के दौरान दोनों को चोटें आईं, जिसके बाद उन्होंने एक-दूसरे के खिलाफ दीपका थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों की रिपोर्ट के आधार पर धारा 294, 323, 506 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस का कहना है कि घटना की पूरी जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि विवाद के वास्तविक कारण और जिम्मेदार पक्ष का पता लगाया जा सके।

घटना के बाद से गेवरा परियोजना के कर्मचारियों में चर्चा का विषय बना हुआ है। कर्मचारियों का कहना है कि कार्यालय परिसर में इस तरह की घटनाएँ अनुशासन और कार्यसंस्कृति पर सवाल उठाती हैं। वहीं, पुलिस ने दोनों पक्षों को शांति बनाए रखने की समझाइश दी है और कहा है कि जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article