Vedant Samachar

जांजगीर-चांपा पुलिस एक्शन मोड में: दीपावली से पहले जिलेभर में की गई सघन पैदल पेट्रोलिंग

Vedant samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा, 12 अक्टूबर 2025। आगामी दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से मनाए जाने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के नेतृत्व में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में सघन पैदल पेट्रोलिंग अभियान चलाया गया।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने मुख्य बाजार, बस स्टैंड, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पेट्रोलिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी, वाहनों की चेकिंग तथा निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी गई।

पैदल पेट्रोलिंग की शुरुआत से पूर्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप ने पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और जनता में सुरक्षा का भरोसा कायम करना है।

पुलिस की इस सक्रियता से नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की शांति भंग करने वाली गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस दौरान एसडीओपी चांपा यदुमणि सिदार, सीएसपी जांजगीर सुश्री योगिताबाली खापर्डे, निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय (थाना प्रभारी जांजगीर), निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी चांपा) सहित जिलेभर से भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने इस पैदल पेट्रोलिंग के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि त्योहारों में शांति भंग करने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है, और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस हर स्तर पर तत्पर है।

Share This Article