Vedant Samachar

सारंगढ़ में रजत जयंती महोत्सव पर निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य मेला आयोजित

Vedant samachar
2 Min Read

सारंगढ़, 12 अक्टूबर 2025। छत्तीसगढ़ शासन के मंशानुरूप तथा आयुक्त आयुष रायपुर के निर्देशानुसार रजत जयंती महोत्सव के अवसर पर कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के संरक्षण में एवं डॉ. चंद्रशेखर गौराहा के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय निःशुल्क आयुष (आयुर्वेद एवं होम्योपैथी) स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। यह मेला रविवार को प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक नवीन जिला आयुष अधिकारी कार्यालय (पूर्व नगर पालिका प्राथमिक शाला), सम्राट चौक, फुलझरिया पारा, सारंगढ़ में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय, शहर मंडल अध्यक्ष जय बानी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रायगढ़ पुरुषोत्तम अजेश अग्रवाल तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी कौशल देतवार उपस्थित रहे।

मेले में कुल 712 रोगियों की निःशुल्क जांच एवं दवा वितरण किया गया, जिनमें आयुर्वेद पद्धति से 530 तथा होम्योपैथी पद्धति से 182 मरीज शामिल रहे। साथ ही रक्त शर्करा जांच 90 तथा हीमोग्लोबिन जांच 16 व्यक्तियों की की गई।

इस अवसर पर जिले के सभी आयुष चिकित्सकों, फार्मासिस्टों, औषधालय सेवकों एवं प्रयोगशाला तकनीशियनों का योगदान सराहनीय रहा। संजय भूषण पांडेय ने अपने उद्बोधन में आयुष चिकित्सा पद्धति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्राचीन उपचार विधियों से जनसामान्य को लाभ उठाने का आह्वान किया।

आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. शेष बहादुर यादव ने शासन की विभागीय सेवाओं की जानकारी दी, जबकि डॉ. यशवंत कुमार स्वर्णकार, जिला नोडल अधिकारी (आयुष) ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Share This Article