जगदलपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: ट्रामोडोल कैप्सूल के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, NDPS एक्ट में भेजे गए जेल - vedantsamachar.in

जगदलपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: ट्रामोडोल कैप्सूल के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, NDPS एक्ट में भेजे गए जेल

जगदलपुर, 01 मई (वेदांत समाचार)। बस्तर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को प्रतिबंधित नशीली दवा ट्रामोडोल कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को NDPS एक्ट की धारा 21 (बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 29 अप्रैल 2026 की शाम थाना कोतवाली को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि दो व्यक्ति दलपत सागर सुलभ परिसर के पास मोटरसाइकिल में नशीली दवाएं रखकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में टीम गठित कर तत्काल मौके पर दबिश दी गई।

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा और पूछताछ की। आरोपियों ने अपना नाम बबलू कश्यप (35 वर्ष) निवासी बैलाबाजार और मिथलेश कुमार यादव (31 वर्ष) निवासी हीकमीपारा, जगदलपुर बताया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से मोटरसाइकिल के हैंडल में छुपाकर रखी गई प्रतिबंधित ट्रामोडोल कैप्सूल बरामद की गई।

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 9 पत्तों में रखी 114 नग ट्रामोडोल कैप्सूल जब्त की, जिसका कुल वजन लगभग 23.02 ग्राम और अनुमानित बाजार मूल्य करीब 45,600 रुपये बताया गया है। जब्ती की कार्रवाई NDPS एक्ट के प्रावधानों के तहत विधिवत की गई।

पूछताछ और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को 30 अप्रैल 2026 को विशेष NDPS न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अरुण मरकाम, प्रमोद ठाकुर, सहायक उपनिरीक्षक प्रमोद सिन्हा, प्रधान आरक्षक मोहन कश्यप सहित अन्य पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।