Vedant Samachar

27 करोड़ की सड़क निर्माण में सुस्ती, जनता बेहाल—हरदी से दानसरा तक अधूरी राह ने बढ़ाई परेशानी

Vedant samachar
2 Min Read

सारंगढ़, 07 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। हरदी से सारंगढ़ होते हुए दानसरा तक बनाई जा रही करीब 27 करोड़ रुपए की सड़क निर्माण कार्य की सुस्त रफ्तार से लोग भारी परेशानी झेल रहे हैं। यह सड़क 10 मीटर चौड़ी बनाई जा रही है, लेकिन काम की गति इतनी धीमी है कि लोगों में आक्रोश और नाराजगी साफ देखी जा रही है।

धीमी रफ्तार और दोहरी खुदाई से जनता हलाकान

लोगों का कहना है कि सड़क का निर्माण न केवल धीमी गति से हो रहा है, बल्कि जो हिस्सा किसी तरह बन भी गया है, उसे दोबारा उखाड़कर नाली निर्माण का काम शुरू कर दिया गया है। इससे सड़क पर यातायात और भी बाधित हो गया है। बारिश के दिनों में धूल, कीचड़ और गड्ढों की वजह से हालात और खराब हो रहे हैं।

गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता बेहद संदिग्ध है। जिस तरह से बार-बार सड़क को तोड़ा जा रहा है, उससे साफ झलकता है कि विभाग की लापरवाही और ठेकेदार की मनमानी हावी है। ऐसा प्रतीत होता है कि ठेकेदार को पूरी खुली छूट मिली हुई है और वह अपने हिसाब से निर्माण कार्य चला रहा है।

जनता का बढ़ता आक्रोश

लोगों का कहना है कि करोड़ों की लागत से बनने वाली सड़क का यह हाल है तो छोटे प्रोजेक्ट्स की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। सुस्त रफ्तार और स्तरहीन निर्माण से आमजन का धैर्य टूटता जा रहा है।

कलेक्टर से उम्मीदें

जनता की निगाहें अब कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे पर टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि वे निर्माण कार्य की गति और गुणवत्ता दोनों पर ध्यान देंगे और ठेकेदारों पर आवश्यक सख्त कार्रवाई करेंगे।

Share This Article