Vedant Samachar

छत्तीसगढ़ में यहां मधुमक्खियों के हमले से दो लोगों की हुई मौत, मचा हड़कंप

Vedant samachar
2 Min Read

राजनांदगांव, 05 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। राजनांदगांव शहर के नवागांव वार्ड में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक घटना घटी, जहां मधुमक्खियों के हमले ने दो लोगों की जान ले ली। मरने वालों में एक महिला और एक युवक शामिल हैं। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, किसी कारणवश एक पेड़ पर बने मधुमक्खियों के छत्ते को नुकसान पहुंचा, जिससे हजारों की संख्या में मधुमक्खियाँ आक्रामक हो गईं और आसपास मौजूद लोगों पर टूट पड़ीं। चश्मदीदों का कहना है कि मधुमक्खियों के झुंड ने देखते ही देखते पूरे इलाके में भगदड़ मचा दी। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ लोगों ने घरों में जाकर शरण ली, जबकि कुछ लोग खुले में ही फंस गए।

मृतकों की पहचान शिव यादव और सुशीला देवांगन के रूप में हुई है। दोनों नवागांव वार्ड के निवासी थे और निर्माण कार्य में लगे हुए थे। मधुमक्खियों ने उन पर इतने डंक मारे कि दोनों की हालत बेहद नाजुक हो गई। परिवार और आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन गंभीर डंक और शरीर में तेजी से फैलते ज़हर के कारण दोनों ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल रवाना किया गया। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पेड़ों पर बने छत्तों के पास सावधानी बरतें और बच्चों को वहां खेलने या पत्थर मारने जैसी हरकतों से रोकें।

मधुमक्खी के हमले में 20 से ज्यादा ग्रामीण घायल हुए थे, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि अचानक हुए इस हमले से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

Share This Article