Vedant Samachar

खुशखबरी : कोरबा में 6.5 लाख दिव्यांगों को मिलेगा नया कार्ड, कई सरकारी योजनाओं-सुविधाओं का मिलेगा लाभ

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 05 अक्टूबर (वेदांत सामाचार)। कोरबा जिले में नि:शक्तजन सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। जहां दिव्यांगों का सम्मान हुआ। बता दें कि प्रदेश में साढ़े 6 लाख से ज्यादा दिव्यांग है। सरकार उनके लिए एक नई पहल कर रही है, जिसके तहत एक नया कार्ड बनाया जाएगा। समारोह में शामिल हुए छत्तीसगढ़ नि:शक्तजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया ने बताया कि नए कार्ड के संबंध में मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्री से इस विषय पर चर्चा हुई है। जल्द ही यह काम शुरू होगा। इसे लेकर बैठक भी की गई।

इस नए कार्ड से दिव्यांगों को कई सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ मिलेगा। ब्लॉक, तहसील और शहरी क्षेत्रों सहित सभी जगह ये कार्ड बनाए जाएंगे, ताकि कोई भी दिव्यांग वंचित न रहे। सरकार अगले दो माह में घर-घर जाकर सर्वे शुरू करेगी और कार्ड बनाना शुरू कर देगी।

समारोह में 2 दिव्यांग भाई-बहनों को परेशानी

वहीं, इस समारोह में समाज कल्याण विभाग की लापरवाही सामने आई है। जहां शनिवार (4 अक्टूबर) को एक सम्मान समारोह में पेंशन लेने पहुंचे दो दिव्यांग भाई-बहनों को घंटों तक भूखा-प्यासा रहना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, दोनों को पेंशन नहीं मिल रही थी, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। समारोह में अधिकारियों की संवेदनहीनता के बाद पत्रकारों और स्थानीय नेताओं के हस्तक्षेप से उन्हें मदद मिली, उनके लिए व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई।

BJP जिला अध्यक्ष ने लगाई फटकार

पंचायत परिसर में छत्तीसगढ़ नि:शक्तजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया के प्रवास के दौरान नि:शक्तजन सम्मान समारोह आयोजित था। जहां ये घटना हुई। समाज कल्याण विभाग के उप संचालक हरिश सक्सेना ने दोनों दिव्यांग भाई-बहनों को वहां से हटाने का निर्देश दिया था।

जिला पंचायत अध्यक्ष के निजी सचिव संजीव जायसवाल ने उनकी स्थिति देखकर नाश्ते की व्यवस्था की। बाद में, निगम अध्यक्ष लोकेश कावड़िया और भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने सुनिश्चित किया कि दोनों दिव्यांग भाई-बहनों को व्हीलचेयर मिले और उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।

Share This Article