Vedant Samachar

बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, जंगल से भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद

Vedant Samachar
2 Min Read

बीजापुर,01अक्टूबर (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पामेड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत FOB काउरगुट्टा के जंगलों में कोबरा 208 बटालियन के जवानों ने सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों का एक बड़ा डम्प बरामद किया है। इसमें भारी मात्रा में विस्फोटक, हथियार बनाने की सामग्री और नक्सली उपयोग के सामान शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार नक्सलियों ने यह सामग्री ग्राम कंचाल के जंगलों में जमीन खोदकर छिपा रखी थी। आशंका है कि माओवादी किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में थे, जिसे सुरक्षाबलों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से विफल कर दिया गया।

बरामद सामग्री में शामिल है –
गन पावडर, बीजीएल सेल, कार्डेक्स वायर, बीजीएल राउंड, आरडीएक्स, इलेक्ट्रिक व नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, पटाखे, तीर बम, आयरन रॉड, इम्प्रोवाइज्ड ग्रेनेड, क्रिस्टल शुगर, रायफल बैनट, आयरन चिमटा, आयरन कटर, बैटरी, सोलर इन्वर्टर, लिथियम बैटरी, स्पूल वायर, कॉपर वायर, स्टील कंटेनर, प्लास्टिक ड्रम, स्टील पाइप, आयरन फाइल, स्टील प्लेट और तार, माओवादी वर्दी, कोबरा पैटर्न की कॉम्बैट ड्रेस, पिट्ठू बैग, लाल व हरे कपड़े व अन्य सामान।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद की गई सामग्री यदि समय रहते न मिलती तो नक्सली इसका उपयोग किसी बड़ी वारदात में कर सकते थे। सुरक्षाबलों ने इसे जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

बीजापुर पुलिस ने साफ किया है कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान और तेज़ किया जाएगा ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनी रहे।

Share This Article