Vedant Samachar

मोहित मलिक और श्रेनु पारिख ने सोनी सब के शो ‘गणेश कार्तिकेय’ के लॉन्च से पहले तिरुत्तानी मुरुगन मंदिर में लिया दिव्य आशीर्वाद

Vedant samachar
3 Min Read

मुंबई, 30 सितंबर 2024: सोनी सब अपने आगामी पौराणिक धारावाहिक गाथा शिव परिवार की गणेश कार्तिकेय प्रस्तुत करने जा रहा है। यह एक आकर्षक गाथा है, जो शिव परिवार के बंधन और गणेश एवं कार्तिकेय की प्रेरणादायी यात्रा को जीवंत करती है। बहुप्रतीक्षित प्रीमियर सोमवार, 6 अक्टूबर रात 8 बजे होगा और उससे पहले शो के कलाकार—मोहित मलिक (भगवान शिव), श्रेनु पारिख (माता पार्वती), एकांश कठरोतिया (भगवान गणेश) और सुब्हान खान (भगवान कार्तिकेय)—तमिलनाडु स्थित पावन तिरुत्तानी मुरुगन मंदिर पहुंचे और दिव्य आशीर्वाद प्राप्त किया।

यह यात्रा कलाकारों के लिए अत्यंत आध्यात्मिक क्षण रही, जिसमें उन्होंने शो की सफलता हेतु प्रार्थना की। भगवान मुरुगन के छह प्रमुख निवासों में से एक यह मंदिर, कार्तिकेय की कथा से गहराई से जुड़ा हुआ है, जिससे यह अवसर और भी अर्थपूर्ण बन गया। शो साहस, ज्ञान, भक्ति और पारिवारिक प्रेम जैसे मूल्यों को दर्शाएगा और हर पीढ़ी के दर्शकों से जुड़ने का प्रयास करेगा।

भगवान शिव की भूमिका निभा रहे मोहित मलिक ने कहा, “तिरुत्तानी मुरुगन मंदिर का दौरा मेरे लिए विनम्रता से भरा और आत्मा को झकझोर देने वाला अनुभव रहा। भगवान शिव की भूमिका निभाते हुए, इतने पवित्र स्थान पर ध्यान लगाना मेरे लिए शब्दों से परे शांति और जुड़ाव का अनुभव था। हमने पूजा कर अपने नए सफर के लिए आशीर्वाद मांगा और यह इस अध्याय की शुरुआत का सबसे उत्तम तरीका लगा। दिलचस्प बात यह रही कि मंदिर में मेरे जूते गुम हो गए, जिसे मैं हमेशा बहुत शुभ संकेत मानता हूं। उस पल ऐसा लगा मानो ईश्वरीय कृपा और स्वीकृति का संदेश मिला हो कि हम गणेश कार्तिकेय के साथ सही मार्ग पर हैं। यह अनुभव हमेशा मेरे हृदय में अंकित रहेगा और मैं इसे अपनी प्रस्तुति में साथ लेकर चलूंगा।”

लिंक- https://www.instagram.com/p/DPI1BaFDSQF/?hl=en&img_index=1

माता पार्वती की भूमिका निभा रहीं श्रेनु पारिख ने कहा, “तिरुत्तानी मुरुगन मंदिर में कदम रखते ही मेरा हृदय कृतज्ञता और श्रद्धा से भर गया। इसकी स्थापत्य कला की भव्यता और चारों ओर का सुकून मुझे मंत्रमुग्ध कर गया। मंदिर तक पहुंचाने वाली 365 सीढ़ियाँ मुझे प्रतीकात्मक लगीं, मानो वर्ष के 365 दिनों की याद दिलाती हों—हर दिन की भक्ति और धैर्य का संकेत। जब हमने मिलकर पूजा की, तो मैंने हमारी टीम और इस शो के चारों ओर सकारात्मकता और भक्ति का अद्भुत वातावरण महसूस किया। माता पार्वती की भूमिका निभाना मेरे लिए सम्मान की बात है और ऐसे पवित्र धाम में आशीर्वाद लेना इस यात्रा की शुरुआत का सबसे अर्थपूर्ण तरीका था। मुझे विश्वास है कि इस स्थान की ऊर्जा स्क्रीन पर हमारे किरदारों को जीवंत करने में झलकेगी।”

इस भव्य महागाथा को देखना न भूलें गाथा शिव परिवार की गणेश कार्तिकेय, 6 अक्टूबर से, हर सोमवार से शनिवार, रात 8 बजे, सिर्फ सोनी सब पर

Share This Article