भाजपा के सीनियर नेता विजय कुमार मल्होत्रा का 93 साल की उम्र में मंगलवार सुबह निधन हो गया। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे और दिल्ली एम्स में उनका इलाज चल रहा था। मल्होत्रा दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष थे।
वह दिल्ली से पांच बार सांसद और दो बार विधायक रहे हैं और राजधानी में पार्टी का एक प्रमुख चेहरा थे। दिल्ली भाजपा ने एक बयान जारी कर यह जानकारी देते हुए उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजय कुमार मल्होत्रा के साथ वाली एक पुरानी फोटो शेयर करते हुए उनके निधन पर शोक जताया है। पीएम मोदी ने कहा कि वह जमीन से जुड़े नेता थे।
बता दें कि, मल्होत्रा के निधन से एक दिन पहले ही दिल्ली भाजपा को दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग पर एक स्थायी दफ्तर मिला था, जिसका उद्घाटन सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।
एम्स दिल्ली के मीडिया सेल की हेड डॉक्टर (प्रोफेसर) रीमा दादा की ओर से मंगलवार सुबह एक प्रेस रिलीज जारी कर बताया गया कि भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का 93 साल की उम्र में निधन हो गया है। वह एम्स में भर्ती थे। आज सुबह उन्होंने आखिरी सांस ली।
दिल्ली भाजपा ने बताया कि उनका पार्थिव शरीर सुबह लगभग 8:45 बजे उनके आधिकारिक आवास 21, गुरुद्वारा रकाबगंज रोड लाया जाएगा जहां लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे।



