मुर्शिदाबाद जिले के बहरामपुर स्थित खागरा श्मशान घाट दुर्गा पूजा समिति ने इस वर्ष अपने 59वें दुर्गोत्सव में एक अनोखी और चर्चित थीम को अपनाते हुए देशभर में सुर्खियां बटोरी हैं। इस वर्ष की पूजा में दुर्गा के असुर (राक्षस) के रूप में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की विशाल मूर्ति स्थापित की गई है, जिसे देखने के लिए भारी संख्या में लोग उमड़ रहे हैं।
इस अनूठी सोच को विख्यात कलाकार असीम पाल ने मूर्त रूप दिया है, जिन्होंने बारीकी से ट्रंप के हावभाव और चेहरों की अभिव्यक्तियों को असुर के रूप में गढ़ा है।
ट्रंप को असुर के रूप में क्यों ?
पूजा समिति के आयोजकों ने बताया कि यह थीम अमेरिका और भारत के बीच के कूटनीतिक संबंधों और डोनाल्ड ट्रंप द्वारा किए गए कथित विश्वासघात को रेखांकित करती है। समिति के सदस्य प्रतीक ने कहा हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रंप को मित्र माना, परंतु ट्रंप ने 50% टैरिफ लगाकर भारत और मोदी जी के साथ विश्वासघात किया। उन्होंने भारत की पीठ में छुरा घोंपा, इसलिए हमने उन्हें असुर के रूप में दर्शाया है।
इस मूर्ति के माध्यम से आयोजकों ने भारत-अमेरिका संबंधों में हुई नीति-स्तरीय दरारों और ट्रंप की व्यापारिक नीतियों से भारत को हुई क्षति की ओर ध्यान खींचा है।
जनता से मिल रही प्रतिक्रिया
बहरामपुर नगर पालिका के मेयर ने पूजा मंडप का उद्घाटन किया। उद्घाटन के दिन से ही आसपास के इलाकों से हजारों लोग इस अनोखी मूर्ति और थीम को देखने पहुंच रहे हैं।
आयोजन समिति ने बताया कि जो भी लोग मूर्ती दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं उनसे बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। उन्हें यह प्रस्तुति प्रभावशाली लग रही है और हमें जबरदस्त समर्थन मिल रहा है।
भारत में पहले भी चर्चा में रहें हैं ट्रंप
यह पहली बार नहीं है जब डोनाल्ड ट्रंप भारत में इस तरह से सुर्खियों में रहे हों। वर्ष 2018 में तेलंगाना के एक किसान बुस्सा कृष्णा ने ट्रंप के लिए मंदिर बनवाया था, जहां वे 6 फीट ऊंची मूर्ति लगाकर रोजाना ट्रंप की पूजा-अर्चना करते थे। उस समय बुस्सा कृष्णा ने ट्रंप को भारत-अमेरिका संबंधों का रक्षक माना था।



