Vedant Samachar

Navratri 2025 : मां शारदा धाम मैहर में आस्था का सैलाब, षष्ठी पर 1.30 लाख से अधिक भक्तों ने किए दर्शन

Vedant samachar
3 Min Read

मैहर I मां शारदा धाम में चल रहे शारदेय नवरात्र महोत्सव में आस्था का उत्सव चरम पर है। शनिवार को षष्ठी तिथि पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। दोपहर 2 बजे तक ही मंदिर प्रांगण में 84,158 भक्त माता शारदा के दर्शन कर चुके थे, वहीं शाम तक यह संख्या बढ़कर 1 लाख 30 हजार से अधिक पहुंचने का अनुमान है। मां शारदा की नगरी मैहर में नवरात्र के दिनों में लाखों श्रद्धालु देशभर से पहुंचते हैं। षष्ठी के दिन सुबह से ही मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में भक्तों की लंबी कतारें नजर आईं। श्रद्धालु माता की जयकारों के साथ दर्शन करते हुए मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना कर रहे थे।

सर्वाधिक रिकॉर्ड दर्ज
इससे पहले पंचमी तिथि पर अब तक का सर्वाधिक रिकॉर्ड दर्ज हुआ था, जब सीढ़ी मार्ग से 1,21,538, रोपवे से 6,250 और वैन से 1,650 श्रद्धालुओं ने दर्शन लाभ प्राप्त किया। षष्ठी पर भी उत्साह और आस्था का माहौल चरम पर रहा।

प्रशासन और पुलिस की मुस्तैदी
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया। पूरे मेला क्षेत्र में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार डटे रहे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। भीड़ प्रबंधन में पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता सराहनीय रही।

मेले में बिछड़ने की घटनाएं भी बड़ी संख्या में सामने आईं, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 160 से अधिक बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उनके परिजनों से सुरक्षित मिलवाया। इसके लिए खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था बेहद कारगर साबित हुई।

श्रद्धालुओं ने की व्यवस्थाओं की सराहना
मंदिर प्रबंधन और प्रशासन द्वारा किए गए इंतजामों की श्रद्धालुओं ने खुलकर प्रशंसा की। भक्तों का कहना था कि इस बार नवरात्रि मेले में दर्शन की प्रक्रिया सहज और व्यवस्थित रही। पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक कर्मचारियों की मेहनत से भीड़ होने के बावजूद श्रद्धालु आसानी से माता शारदा के दर्शन कर पाए।

बढ़ती जा रही आस्था की लहर
जैसे-जैसे नवरात्र आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे मां शारदा धाम में भक्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। सप्तमी और अष्टमी पर और अधिक भीड़ उमड़ने की संभावना जताई जा रही है। नवरात्र महोत्सव के दौरान मां शारदा का दरबार आस्था, श्रद्धा और विश्वास का केंद्र बना हुआ है।

Share This Article