Vedant Samachar

परवाणु में पकड़ा गया नेपाली नौकर दंपति, शिमला से नकदी और ज्वेलरी चोरी कर हुए थे फरार…

Vedant Samachar
3 Min Read

हिमाचल,26 सितम्बर : शिमला के जुन्गा इलाके में अपने मालिक के घर से नकदी और आभूषण चोरी कर फरार हुए नेपाली मूल के नौकर दंपति को पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस ने दोनों को सोलन जिले के सीमावर्ती क्षेत्र परवाणु से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान उनके पास से चोरी की गई नकदी और गहने भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों नेपाल भागने की फिराक में थे।

शिमला से नकदी और ज्वेलरी चोरी कर हुए थे फरार

ये मामला शिमला के ढली थाना क्षेत्र का है। यहां के निवासी विजय कुमार (उम्र 42 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय दयाराम, ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनके घर में पिछले नौ महीनों से नेपाली दंपति प्रकाश बहादुर (25) और उसकी पत्नी निर्मला (21) नौकर के तौर पर काम कर रहे थे। 23 सितंबर की रात विजय कुमार अपने परिवार के साथ मां के जागरण कार्यक्रम में गौड़ा गए हुए थे। देर रात लगभग 1 बजे जब परिवार घर लौटा तो सब सामान्य दिखा। लेकिन अगली सुबह करीब 7:30 बजे जब उन्होंने नेपाली दंपति के कमरे का दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला और दरवाजा अंदर से बंद पाया।

कई बार आवाज देने और मोबाइल पर कॉल करने के बाद भी प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर विजय कुमार को शक हुआ। जब उन्होंने घर की अलमारी की जांच की, तो ताला टूटा हुआ मिला। अलमारी से लगभग 90 हजार रुपये नकद, 17 ग्राम सोने की चैन और पत्नी का मंगलसूत्र (जिसकी चेन सोने की नहीं थी) गायब थे। शिकायतकर्ता के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग तीन लाख पंद्रह हजार रुपये थी।

परवाणु में पकड़ा गया नेपाली नौकर दंपति

शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज किया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। लोकेशन ट्रेस कर बीती देर रात ढली थाना पुलिस ने परवाणु में छापेमारी कर दंपति को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की गई नकदी में से 86,500 रुपये, एक सोने की चैन और सोने का मंगलसूत्र बरामद हुआ। शिकायतकर्ता विजय कुमार ने मौके पर ही बरामद गहनों की पहचान की और पुष्टि की कि यह वही हैं जो उनके घर से चोरी हुए थे।

ढली थाना पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी प्रकाश बहादुर पुत्र तिलक बहादुर और उसकी पत्नी निर्मला, दोनों निवासी वीपीओ तुर्माखांद, जिला अच्छाम, नेपाल के रहने वाले हैं। दोनों को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (BNS) की धारा 305 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या दंपति ने इससे पहले भी किसी अन्य जगह चोरी की घटना को अंजाम दिया है।

Share This Article