नई दिल्ली,18सितम्बर : एशिया कप 2025 के ग्रुप-बी के आखिरी लीग मुकाबले में एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया. श्रीलंका के खिलाफ हुए इस मुकाबले में दूसरी टीम के कप्तान बोल्ड हो गए, लेकिन उन्होंने अंपायर से DRS की मांग कर दी. जब अंपायर ने उन्हें समझाया तो इस खिलाड़ी को अपनी गलती का एहसास हुआ और वो निराश होकर पवेलियन लौट गया. इस मुकाबले में श्रीलंका ने शानदार जीत दर्ज करते हुए सुपर-4 में जगह बना ली. बांग्लादेश भी दूसरे दौर में पहुंच चुका है, जबकि अफगानिस्तान को पहले ही दौर से बाहर होना पड़ा.
क्या है पूरा मामला?
एशिया कप में अफगानिस्तान और श्रीलंका के बीच ग्रुप-बी का आखिरी मुकाबला खेला गया. अफगानिस्तान को सुपर-4 में पहुंचने के लिए ये मैच जीतना बहुत जरूरी था. अफगानिस्तान की पारी के दौरान 18वां ओवर नुवान तुषारा लेकर आए.
इस दौरान क्रीज पर अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान और मोहम्मद नबी मौजूद थे. तुषारा ने पहली गेंद स्लोअर यॉर्कर फेंकी, जिसने राशिद को पूरी तरह से चकमा दे दिया. राशिद ने बहुत जल्दी स्लॉग स्वीप करने की कोशिश की, जिससे गेंद उनके पिछले पैड से टकराकर स्टंप पर जा लगी.
आउट होने के बावजूद राशिद ने लिया DRS
इसके बाद एक अजीब वाकया हुआ. हुआ ये कि जैसे ही गेंद स्टंप पर लगी, तुषारा ने एलबीडब्ल्यू की अपील की, उन्हें यह एहसास नहीं था कि उन्होंने राशिद को पहले ही बोल्ड कर दिया है. राशिद भी उतने ही अनजान थे, उन्होंने यह सोचकर रिव्यू लेने का इशारा किया कि अंपायर ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट करार दिया है, जबकि अंपायर केवल तुषारा की ओर इशारा करके बता रहे थे कि राशिद बोल्ड हो गए हैं, क्योंकि गेंद स्टंप्स से टकराकर बेल्स को गिरा चुकी थी.
इस मैच में राशिद खान ने 23 गेंदों में 2 चौके और 1 छक्का की मदद से 24 रन बनाए. इस मुकाबले में अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने काफी निराश किया और मैच गंवा दिया.
श्रीलंका ने अफगानिस्तान को दी करारी मात
इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने मोहम्मद नबी की तूफानी बल्लेबाजी की मदद से 20 ओवर में 8 विकेट पर 168 रन बनाए. इस दौरान मोहम्मद नबी ने 22 गेंदों में 3 चौके और 6 छक्कों की मदद से 60 रनों की शानदार पारी खेली.
इसके जवाब में श्रीलंका ने 18.4 ओवर में 4 विकेट खोकर जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया. श्रीलंका की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज कुसल मेंडिस ने 52 गेंदों में 10 चौकों की मदद से नाबाद 74 रनों की पारी खेली. इस हार के साथ ही अफगानिस्तान एशिया कप से बाहर हो गया.



