Vedant Samachar

भारतमाला : ठेका कंपनी ने तहसील व पंचायत कार्यालय के राह पर बिछाए कांटे…

Vedant Samachar
3 Min Read

कोरबा,19 सितम्बर (वेदांत समाचार) । कोरबा जिले को रांची से जोडऩे के लिए चल रही भारत सरकार की महत्वाकांक्षी भारतमाला परियोजना में निर्माण कार्य एजेंसी दिलीप बिल्डकॉन के कामकाज के तौर-तरीके को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बरपाली और आसपास के गांवों में कंपनी की लापरवाही से आवागमन बाधित हो गया है। कंपनी ने कुछ रास्तों पर बोल्डर बिछाए हैं या कांटे, लोग यही नहीं समझ पा रहे हैं। उनके सामने फिलहाल मुश्किलें हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी ने कई स्थानों पर सडक़ और जमीन की खुदाई की, निर्माण सामग्री रखने के लिए जगह बनाई, लेकिन बाद में उन जगहों को समतल नहीं किया गया। कंपनी ने सिर्फ बोल्डर डालकर काम खत्म मान लिया। नतीजा यह हुआ कि पंचायत कार्यालय, स्कूल, तहसील और अन्य सार्वजनिक जगहों तक आने-जाने में लोगों को दिक्कत हो रही है। भारतमाला परियोजना का उद्देश्य लोगों को तेज और सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराना है, ताकि समय की बचत हो और विकास को गति मिले। लेकिन वर्तमान हालात में बरपाली क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पहले जैसी स्थिति बहाल की जानी चाहिए। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन का रास्ता अपनाने की चेतावनी भी दे रहे हैं।

खबर के अनुसार क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों का बेजा दुरुपयोग करने का आरोप भी इस कंपनी पर कई मौकों पर लग चुका है। मनमाने तरीके से कहीं भी खुदाई करने और रॉ मटेरियल निकालने पर लोगों ने आपत्ति की लेकिन किसी भी स्तर पर सुनवाई नहीं हुई। इस वजह से उसका मनोबल बढ़ता गया। निर्माण क्षेत्र के आसपास के लोगों का कहना है कि सडक़ बनने से कुछ खास मामलों में ही दूसरों को सहूलियत और सहायता मिलेगी लेकिन हमारे सामने केवल मुश्किलें हैं। लोगों ने बताया कि इस रास्ते का उपयोग करने पर ग्रामीणों को अपने गांव पहुंचने के लिए कई किलोमीटर लंबा यू-टर्न लेने की मजबूरी है। निर्माण के प्रस्ताव के दौरान उन्होंने सुझाव दिए थी जिस पर कोई गंभीरता नहीं दिखाई गई।

Share This Article