Vedant Samachar

जनदर्शन में दिव्यांग महिला को मिली नई राह, कलेक्टर की संवेदनशील पहल से जीवन में लौटी मुस्कान

Vedant samachar
2 Min Read

बेमेतरा, 16 सितम्बर 2025। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम जरूरतमंदों की जिंदगी में उम्मीद की किरण साबित हो रहा है। इसी क्रम में तहसील साजा के ग्राम सोमाईकला निवासी दिव्यांग महिला बिलासा बाई साहू का जीवन भी बदल गया। बिलासा बाई साहू लंबे समय से शारीरिक दिव्यांगता के कारण रोजमर्रा के छोटे-छोटे कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भर थीं। आत्मनिर्भर होने की चाह लिए वे आज जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर रणबीर शर्मा से अपनी व्यथा साझा करने पहुँचीं। उन्होंने आवेदन देकर ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने की गुहार लगाई।

महिला की सच्ची पीड़ा सुनकर कलेक्टर रणबीर शर्मा ने तुरंत संवेदनशीलता दिखाते हुए ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई। जैसे ही ट्राइसाइकिल उनके हाथों में सौंपी गई, बिलासा बाई साहू की आँखो मे खुशी आ गई। उन्होंने भावुक होकर कलेक्टर को धन्यवाद देते हुए कहा कि अब मैं अपने कार्य स्वतंत्र रूप से कर पाऊँगी और किसी पर निर्भर नहीं रहूँगी।

जनदर्शन  : आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान

जनदर्शन कार्यक्रम में प्रतिदिन जिले के विभिन्न हिस्सों से लोग अपनी समस्याएँ लेकर आते हैं। भूमि विवाद, शासकीय योजनाओं का लाभ, आधार व राशन कार्ड की समस्या, मूलभूत सुविधाएँ जैसे पानी, बिजली, सड़क आदि से संबंधित आवेदन यहाँ प्रस्तुत किए जाते हैं। कई मामलों का तत्काल समाधान मौके पर ही किया जाता है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलती है। हाल ही में आयोजित जनदर्शन में भी अनेक प्रकरणों का निराकरण किया गया। किसी को पेंशन स्वीकृति मिली, तो किसी को आवास योजना का लाभ। वहीं, कई किसानों की फसल बीमा और भूमि संबंधी समस्याओं का निराकरण भी यहीं किया गया। कलेक्टर रणबीर शर्मा की यह पहल दर्शाती है कि जिला प्रशासन केवल कागजों तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की वास्तविक समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उनकी संवेदनशीलता और तत्परता ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि प्रशासन जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए सदैव तत्पर है।

Share This Article