मुंबई : टीवी की क्वीन एकता कपूर का पॉपुलर सुपरनैचुरल शो नागिन एक बार फिर से कलर्स टीवी के छोटे पर्दे पर धमाकेदार वापसी करने जा रहा है. एकता कपूर की ये फ्रेंचाइजी हर सीजन में नए चेहरे और ट्विस्ट लेकर आती है, यही वजह है कि दर्शक हमेशा इसके अगले सीजन का बेसब्री से इंतजार करते हैं. नागिन 7 को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों के बीच, अब शो के लीड पेयर को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है.
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक प्रियंका चाहर चौधरी के बाद, अब शो के लिए मेल लीड भी फाइनल हो गया है. ‘उड़ारियां’ और ‘बिग बॉस 16’ से घर-घर में अपनी पहचान बना चुकीं प्रियंका चाहर चौधरी को पहले ही नागिन 7 के लिए फाइनल माना जा रहा है. उनका मासूम चेहरा और दमदार परफॉर्मेंस उन्हें इस रोल के लिए परफेक्ट बनाता है. अब खबर है कि उनके साथ ‘कुमकुम भाग्य’ एक्टर नामिक पॉल ऑनस्क्रीन इश्क फरमाते नजर आ सकते हैं.
एकता कपूर के शो में नजर आ चुके हैं नामिक
नामिक ने टीवी पर रोमांटिक और सुपरनैचुरल दोनों तरह के किरदार निभाए हैं, जो उन्हें इस रोल के लिए एक मजबूत दावेदार बनाते हैं. हालांकि, इस खबर पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इस नई जोड़ी की खबर ने फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट बढ़ा दी है.
नामिक पॉल ने ‘एक दूजे के वास्ते’ और ‘एक दीवाना था’ जैसे शोज से काफी लोकप्रियता बटोरी है, जहां उनके इंटेंस और रोमांटिक किरदार को खूब पसंद किया गया. हाल ही में वो एकता कपूर के ‘कुमकुम भाग्य’ में भी नजर आए थे, जहां उनके रोल को काफी पसंद किया गया. नामिक की एक्टिंग रेंज उन्हें इस रोल के लिए एक शानदार पसंद बनाती है.
बिग बॉस में अपना कमाल दिखा चुकी हैं प्रियंका
प्रियंका चाहर चौधरी लम्बे समय तक टीवी से दूर थीं. ‘बिग बॉस 16’ में शानदार सफर के बाद, प्रियंका ने हाल ही में ‘दस जून की रात’ वेब सीरीज से ओटीटी में कदम रखा है, जिससे उनकी पहुंच टीवी से आगे बढ़कर डिजिटल दुनिया तक पहुंच गई है. अगर नामिक ‘नागिन 7’ का हिस्सा बनते हैं, तो ये पहला मौका होगा जब वो प्रियंका के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे, जिससे दर्शकों को एक नई और फ्रेश जोड़ी देखने मिल सकती है.



