उत्तरप्रदेश/मोहनलालगंज। ऑनलाइन गेम फ्री फायर के जाल में फंसकर 13 साल के यश ने जान दे दी। मकान बनवाने के लिए खेत बेचकर बैंक में जमा पिता के 14 लाख रुपये वह गेम में हार गया था। इससे वह घबरा गया था।मोहनलालगंज के धनुवासाड़ गांव निवासी सुरेश कुमार यादव का बेटा यश कुमार कक्षा छह में पढ़ता था। एसीपी मोहनलालगंज रजनीश वर्मा के मुताबिक सोमवार को सुरेश बैंक में रकम निकालने गए थे। वहां पता चला कि खाते में पैसे ही नहीं हैं। सुरेश बैंक मैनेजर से खाते से पैसे गायब होने की शिकायत कर घर लौट आए।
परिजनों को पूरी बात बताई। तब यश घर पर ही था। उसे जैसे ही पता चला कि खाते से रकम गायब होने की जानकारी पिता को हो गई है वह पढ़ाई के बहाने बैग लेकर छत पर बने कमरे में चला गया। कमरे में डर के मारे फंदा लगा लिया। रात को यश की बहन गुनगुन ऊपर कमरे में गई तो यश को फंदे पर लटका देखा। गुनगुन चीख पड़ी तो आवाज सुनकर परिजन छत पर पहुंचे और यश को फंदे से नीचे उतारकर सीएचसी लेकर गए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बैटल रॉयल शैली का गेम है फ्री फायर
फ्री फायर गेम बैटल रॉयल शैली पर आधारित है। इसमें गेम खेलने वाला दूसरों से लड़ता है। खेलने वाले को को हथियार ढूंढने होते हैं और दुश्मनों को खत्म करना होता है। बच्चे गेम में पसंद की चीजें खरीदने के लिए पैसे खर्च करते हैं और लाखों गंवा देते हैं। वर्ष 2022 में सरकार ने डाटा प्राइवेसी और सुरक्षा के चलते इस गेम को बैन कर दिया था लेकिन अभी भी यह पहुंच में है।



