उत्तराखंड,16 सितंबर : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। शनिवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश के कारण तमसा नदी उफान पर है, जिससे प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर का परिसर पानी में डूब गया। बता दें कि मंदिर के पुजारी ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे से ही नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ना शुरू हो गया था और कुछ ही घंटों में पूरा मंदिर परिसर जलमग्न हो गया। हालांकि मंदिर का गर्भगृह सुरक्षित है और अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
पुजारी ने बताया कि इस तरह की स्थिति कई वर्षों बाद देखने को मिली है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे नदियों और जलधाराओं के आसपास न जाएं, क्योंकि पानी का बहाव तेज है और खतरा बना हुआ है। आसपास के इलाकों में भी पानी भरने से कई जगहों पर नुकसान की सूचना है।
मुख्यमंत्री ने दी राहत कार्यों की जानकारी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के सहस्त्रधारा क्षेत्र में भारी बारिश से हुए नुकसान पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि भारी वर्षा से कुछ दुकानों को नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वे लगातार स्थानीय प्रशासन से संपर्क में हैं और हालात पर स्वयं निगरानी रख रहे हैं।
स्कूलों में छुट्टी, लोगों को सतर्क रहने की अपील
भारी बारिश और बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने देहरादून के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। अधिकारियों ने नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, देहरादून, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत और नैनीताल में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं देहरादून, चमोली, चंपावत, उधम सिंह नगर, बागेश्वर और नैनीताल के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। देहरादून में आज आसमान में आंशिक बादल छाए रहने के साथ गर्जन और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।



