Vedant Samachar

रजत पाटीदार ने IPL के बाद अब दलीप ट्रॉफी भी जीती, सेंट्रल जोन ने साउथ जोन को हराया

Vedant Samachar
3 Min Read

नई दिल्ली,15 सितंबर : दलीप ट्रॉफी के फाइनल में सेंट्रल जोन ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए साउथ जोन को 6 विकेट से हरा दिया. इसके साथ ही उसने दलीप ट्रॉफी अपने नाम कर ली. दलीप ट्रॉफी को जीत के लिए महज 65 रन चाहिए थे, जिसे उसने 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया. दलीप ट्रॉफी की जीत के हीरो यश राठौड़ रहे, जिन्होंने 194 रनों की धुआंधार पारी खेली. रजत पाटीदार ने एक बार फिर अपनी कप्तानी का दम दिखाया है. इनकी ही कप्तानी में आरसीबी ने आईपीएल जीता और अब उन्होंने दलीप ट्रॉफी में टीम को चैंपियन बनाया है.

सेंट्रल जोन का कमाल प्रदर्शन
बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड में खेले गए फाइनल मैच में साउथ जोन की टीम पहली पारी में सिर्फ 149 रनों पर ढेर हो गई थी. स्पिनर सारांश जैन ने 5 और कुमार कार्तिकेय ने 4 विकेट लेकर सेंट्रल जोन की जीत पहले दिन ही तय कर दी थी. इसके बाद इस जीत पर मुहर लगाई सेंट्रल जोन के बल्लेबाजों ने, जिन्होंने अपनी टीम को पहली पारी में 511 रनों तक पहुंचाया. कप्तान रजत पाटीदार ने शानदार 101 रन बनाए. यश राठौड़ ने 194 रनों की पारी खेली. सारांश जैन ने बल्ले से भी जलवा दिखाते हुए 69 रन बनाए. ओपनर दानिश मालेवार ने भी 53 रनों की पारी खेली. दूसरी पारी में साउथ जोन ने 426 रन बनाकर मैच में वापसी की. अंकित शर्मा ने 99, आंद्रे सिद्धार्थ ने 84 रन ठोके लेकिन अंत में सेंट्रल जोन की टीम आसानी से मैच जीत गई.

यश राठौड़, सारांश जैन बने हीरो
पहली बारी में दोहरा शतक चूकने वाले यश राठौड़ को ही प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. वहीं सेंट्रल जोन के ऑलराउंडर सारांश जैन को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया. सारांश जैन ने इस टूर्नामेंट 136 रन बनाने के अलावा 16 विकेट भी अपने नाम किए. कप्तान रजत पाटीदार भी टूर्नामेंट में छाए रहे, जिन्होंने 3 मैचों में 76 से ज्यादा की औसत से 382 रन बनाए. रजत की खास बात ये रही कि उनका स्ट्राइक रेट भी 96 से ज्यादा का रहा. यश राठौड़ ने टूर्नामेंट में 124 से ज्यादा की औसत से 374 रन बनाए. दानिश मालेवार ने भी 3 मैचों में 70 से ज्यादा की औसत से 352 रन ठोके.

Share This Article