नई दिल्ली ,14 सितंबर : एशिया कप 2025 में तो भारत-पाकिस्तान भिड़ने ही वाले हैं. लेकिन, इस टूर्नामेंट में इन दोनों टीमों और उसके खिलाड़ियों का इतिहास विवादों से भरा भी रहा है. एशिया कप के इतिहास में 5 खिलाड़ी भारत-पाकिस्तान से विवादों में रहे हैं, जिनमें गौतम गंभीर के अलावा हरभजन सिंह, शोएब अख्तर कामरान अकमल और आसिफ अली का नाम है. खिलाड़ियों के अलावा भारत-पाकिस्तान की टीमें भी बढ़े हुए टेंशन के चलते लिए अपने फैसले की वजह से एशिया कप के इतिहास में विवादों में रह चुकी हैं.
जब भारत-पाकिस्तान ने लिया बड़ा फैसला
भारत ने 1986 के एशिया कप से पीछे हटने का फैसला लेकर सबको हिला दिया था. उसने श्रीलंका में फैले अंदरूनी कलह से उपजे टेंशन के चलते टीम को एशिया कप में नहीं भेजने का फैसला किया था. इसी तरह पाकिस्तान ने 1990 के एशिया कप में अपनी टीम को भारत नहीं भेजने का फैसला किया था. पाकिस्तान ने ये कदम भारत से राजनीतिक रिश्ते के बिगड़ने के चलते लिया था.
एशिया कप 2010: हरभजन vs शोएब
दोनों देशों के अलावा उनके खिलाड़ी भी एशिया कप के दौरान विवादों में खूब आए हैं. साल 2010 के एशिया कप में हरभजन सिंह और शोएब अख्तर के बीच कहासुनी हो गई थी. अख्तर ने दावा किया था कि वो बाद में लड़ाई को आगे बढ़ाने हरभजन के होटल रूम में गए थे, लेकिन फिर उनके बीच सुलह हो गई थी.
एशिया कप 2010: गंभीर vs कामरान
एशिया कप 2010 के दौरान ही गौतम गंभीर भी विवादों में आए जब उनकी लड़ाई पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल के साथ हुई. दोनों के बीच ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान कहासुनी हुई थी. मामले ने इतना तूल पकड़ लिया था कि बीच-बचाव के लिए अंपायर को आना पड़ा था. हालांकि, बाद में ये कहा गया कि उनके बीच जो हुआ वो बस मिसअंडरस्टैंडिंग थी.
एशिया कप 2022: आसिफ अली लड़े, फाइन लगा
एशिया कप 2022 के दौरान पाकिस्तान के क्रिकेटर आसिफ अली तब विवादों में आए थे, जब वो अफगानिस्तान के फरीद अहमद से उलझ गए थे. आसिफ अली को आउट करने के बाद फरीद उसका जश्न मना रहे थे, तभी उनके बीच बवाल खड़ा हो गया. बाद में दोनों के मैच फीस में 25 फीसदी की कटौती की गई थी.



