Vedant Samachar

वाहनों के दबाव से नहर पुल में जाम की स्थिति से परेशानी, राताखार तिराहा पर बनेगा नया पुल

Vedant Samachar
2 Min Read

नगर निगम जल्द इस योजना से संबंधित प्रस्ताव भेजेगा सरकार को

कोरबा,13 सितंबर ( वेदांत समाचार ) । शहर के विस्तार, लोगों की आवश्यकता, क्रयशक्ति में बढ़ोत्तरी के साथ वाहनों की संख्या में इजाफे से कुल मिलाकर सडक़ों पर वाहनों का दबाव बढ़ रहा है। नतीजा यह है कि कोरबा के मुख्य मार्ग पर पीएच रोड स्थित नहर पुल में जाम के कारण अक्सर परेशानी उत्पन्न हो रही है। इसका हल निकालने के लिए राताखार तिराहा पर नहर में अतिरिक्त पुल को विकल्प बनाया गया है। इसके लिए घोषणा हो गई है। नगर निगम जल्द इसका प्रस्ताव स्वीकृति के लिए सरकार को भेजेगा।

मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस पुल के लिए 9 करोड़ रुपए की राशि मंजूर करने की घोषणा की। स्थानीय विधायक व केबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने इसका प्रस्ताव रखा था। शहर में वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण पीएच रोड नहर पुल पर लंबे समय से समस्याएं हैं। इस वजह से आम दिनों के साथ-साथ त्योहारी सीजन में इस रास्ते पर घंटों जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है। स्टेशन, बस स्टैंड जाने वाले लोगों को जहां परेशान होना पड़ता है वहीं दूसरे रास्तों से आने वाली एंबुलेंस, मुक्तांजलि वाहन और अन्य महत्वपूर्ण गाडिय़ों के मौके पर फंसने से चिंता बढ़ जाती है कि आगे क्या होगा।

इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए समस्या का हल निकालना जरूरी हो गया। कई स्तर पर पहल होने से प्रशासन और नगर निगम ने प्रभावी तौर पर आगे काम करने की जरूरत बताई। जानकारी मिली है कि मौजूदा नहर पुल से होकर राताखार की तरफ जाने वाले मुख्य मार्ग में तिराहे से होकर नहर के दूसरी तरफ अतिरिक्त पुल का निर्माण कराया जाना है। इसी पर 9 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च की जाएगी। दूसरे हिस्से की सडक़ इसमें कनेक्ट होने से ट्रैफिक के दबाव को कम किया जाना संभव होगा। लोगों को अपनी जरूरत के लिए नया विकल्प जल्द मिले, इसकी कोशिश होगी।

Share This Article