रायपुर,13 सितंबर ( वेदांत समाचार ) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस (17 सितंबर) से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा की तैयारी में जवाहर नगर मंडल भाजपा, जिला रायपुर ने कार्यशाला का आयोजन किया। मंडल के मीडिया प्रभारी प्रणीत जैन ने बताया कि यह बैठक राठौड़ क्षत्रिय समाज भवन, राठौड़ चौक में हुई, जिसमें जिला उपाध्यक्ष हरीश सिंह और सैनिक कल्याण बोर्ड सदस्य एवं पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश पांडे मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता हरीश सिंह ने कहा कि सेवा पखवाड़ा सिर्फ कार्यक्रम नहीं बल्कि सामाजिक भागीदारी का महोत्सव है। इस दौरान स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच, प्रबुद्ध जन सम्मान, नमो मैराथन, आत्मनिर्भर भारत अभियान रैली, वृक्षारोपण, दिव्यांगजनों को उपकरण वितरण और प्रदर्शनी जैसी गतिविधियां होंगी।
मंडल अध्यक्ष संदीप जघेल ने बताया कि इस पखवाड़े में सार्वजनिक स्थलों और मंदिरों की सफाई की जाएगी। साथ ही निःशुल्क औषधि वितरण, महिला सशक्तिकरण शिविर, नशा मुक्ति अभियान भी चलाए जाएंगे। इसके अलावा, व्यापारियों को GST के बदलावों की जानकारी दी जाएगी और त्योहारी सीजन को देखते हुए व्यापारिक संघों के साथ चिल्हर वितरण किया जाएगा।
कार्यशाला में यह भी निर्णय लिया गया कि विकसित भारत संकल्प 2047 के तहत “वोकल फॉर लोकल” अभियान को बढ़ावा देते हुए मंडल के वार्डों में स्वदेशी वस्तु निर्माताओं का मेला लगाया जाएगा और स्वरोजगार कर रहे नागरिकों का सम्मान होगा। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, सफाई कर्मचारी, वरिष्ठ प्रबुद्धजन, चिकित्सक, वकील, इंजीनियर और समाजसेवी संस्थाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर मंडल प्रभारी अर्चना शुक्ला, नगर निगम जोन क्र. 7 की अध्यक्ष व पार्षद श्वेता विश्वकर्मा, MIC सदस्य व पार्षद अवतार सिंह बागल, पूर्व मंडल अध्यक्ष चंद्रेश शाह, भाजपा वरिष्ठ सदस्य नवीन अग्रवाल, पूर्व पार्षद भारती बागल समेत मंडल पदाधिकारी, पार्षद, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएं एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।



