Vedant Samachar

ENG vs SA, 1st T20I: 12.5 ओवर में सिमटा मैच, साउथ अफ्रीका के 4 बल्लेबाजों का तूफान, इंग्लैंड का निकला दम

Vedant Samachar
3 Min Read

नई दिल्ली,11सितम्बर : वनडे सीरीज में शर्मनाक हार के बाद मेजबान इंग्लैंड को तीन T20I मैचों की सीरीज में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन साउथ अफ्रीका ने उसकी उम्मीदों पर पानी फेरते हुए पहला मुकाबला डकवर्थ लुईस मेथड से 14 रनों से जीत लिया. बारिश की वजह से ये मुकाबला 4 घंटे की देरी से शुरू हुआ. इसकी वजह से ये मैच 12.5 ओवर में ही खत्म हो गया. इस दौरान साउथ अफ्रीका के 4 बल्लेबाजों ने 200 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से रन बनाते हुए इंग्लैंड के गेंदबाजों का दम निकाल दिया.

साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों का शानदार प्रदर्शन
इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए पहले T20I मैच में बारिश ने काफी खलल डाला. इसकी वजह से ये मैच 4 घंटे की देरी से शुरू हुआ. इस दौरान पहले ओवर को घटाकर 7.5 ओवर का कर दिया गया. पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 7.5 ओवर में 5 विकेट पर 97 रन बनाए. इस दौरान चार बल्लेबाजों ने 200 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से रन बनाए. कप्तान एडन मार्करम ने सबसे ज्यादा 14 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 28 रन बनाए.

डेवोन फरेरा ने 11 गेंदों में 3 छक्कों की मदद से नाबाद 25 रनों की पारी खेली. डेवाल्ड ब्रेविस ने 10 गेंदों में 3 छक्कों की मदद से 23 रन बनाए. ट्रिस्टिन स्टब्स ने 6 गेंदों में 1 चौका और 1 छक्का की मदद से 13 रनों की पारी खेली. इंग्लैंड की ओर से ल्यूक वुड ने दो विकेट हासिल किए. जेमी ओवर्टन, आदिल राशिद और सैम करन ने एक-एक विकेट लिया. इससे बाद इंग्लैंड की पारी शुरू होने से पहले फिर बारिश शुरू हो गई.

इंग्लैंड को मिला इतने का लक्ष्य
बारिश जब रूकी तो इंग्लैंड को फिर संशोधित लक्ष्य मिला. उसे जीत के लिए 5 ओवर में 68 रन बनाने थे, लेकिन मेजबान टीम 5 विकेट खोकर केवल 54 रन ही बना पाई. इंग्लैंड की ओर से जॉस बटलर ने 11 गेंदों में 1 चौका और 3 छक्कों की मदद से 25 रन बनाए. सैम करन ने 3 गेंदों में 1 छक्कों की मदद से नाबाद 10 रन बनाए. इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर टिक नहीं पाया. फिल सॉल्ट तो पारी की पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए.

कप्तान हैरी ब्रूक भी डक पर आउट हुए. साउथ अफ्रीका की ओर से मार्को यानसन और कॉर्बिन बॉश ने दो-दो विकेट लिए. कगिसो रबाडा को एक विकेट मिला. कार्डिफ में इंग्लैंड की टीम ने अब तक 11 T20I मैच खेली है. इसमें उसे केवल दो बार ही हार का सामना करना पड़ा है. दोनों बार उसे साउथ अफ्रीका ने ही हराया है. 12.5 ओवर के इस मुकाबले में कुल 14 छक्के लगे.

Share This Article