Vedant Samachar

ब्रिटेन भेजने के नाम पर लाखों की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार, तीन दिन का रिमांड…

Vedant Samachar
2 Min Read

कैथल,09 सितम्बर । आर्थिक अपराध शाखा ने ब्रिटेन भेजने के नाम पर ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। सोमवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया।

आर्थिक अपराध शाखा प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश ने बताया कि टीम ने सलेमपुर निवासी गुरदीप सिंह को काबू किया है। यह कार्रवाई गांव सलेमपुर के दर्शन सिंह की शिकायत पर की गई।

शिकायत का मामला

शिकायतकर्ता दर्शन सिंह, जो लकड़ी मिस्त्री का काम करता है, ने बताया कि 2022 में गांव के ही अमरजीत ने गुहला रोड पर विदेश भेजने के लिए सेंटर खोला था। उसी दौरान गुरदीप ने उसे कम खर्चे में ब्रिटेन भेजने का झांसा दिया। अगस्त 2023 में दोबारा संपर्क कर कहा गया कि मजदूरी से जिंदगी नहीं सुधरेगी और ब्रिटेन जाकर 8–10 लाख रुपये महीना कमा सकते हो।

आरोपियों ने विश्वास दिलाया कि अमरजीत पहले भी कई युवकों को विदेश भेज चुका है। इसके बाद ब्रिटेन का वर्क परमिट दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपये में सौदा हुआ और 7.50 लाख रुपये अग्रिम मांगे गए। शिकायतकर्ता ने 2.50 लाख रुपये नकद और पासपोर्ट सौंप दिया।

करारनामे से मुकरने पर खुला राज़

जब शिकायतकर्ता ने स्टांप पेपर पर इकरारनामा लिखने की बात कही तो आरोपी मुकर गए और कनाडा का टूरिस्ट वीजा देने लगे। साथ ही कहा कि वहां पहुंचकर शरण (Asylum) मांगनी होगी। इंटरनेट पर जानकारी लेने के बाद पीड़ित को पता चला कि ऐसा करने पर वह सीधे भारत नहीं लौट पाएगा। आपत्ति जताने पर आरोपियों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया।

शिकायत के आधार पर थाना गुहला में अमरजीत, गुरदीप, भाग सिंह और दर्शना कौर के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया। पुलिस ने गुरदीप को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है.

Share This Article