Vedant Samachar

झांकी रूट पर जर्जर भवनों से हादसे का अंदेशा, भवनों से दूर रहें

Vedant Samachar
3 Min Read

गणेश विसर्जन झांकियां जिस मार्ग से गुजरती हैं, उस मार्ग पर अनेक भवन ऐसे हैं, जो बरसों से जर्जर है, हजारों लोगों की भीड़ के दौरान यदि कोई हादसा हो जाए तो जान-माल का नुकसान हो सकता है। पिछले कई बरसों से नगर निगम के अधिकारी झांकी निकलने से मात्र एक दो दिन पूर्व चेतावनी जारी करते हैं, आम लोगों से अपील की जाती है

कि वे भवनों के नीचे ना खड़े रहें, भवनों के मालिकों से जर्जर भवन को ठीक करने नोटिस दिया जाता है, लेकिन भवन मालिकों ने कभी उन जर्जर भवनों की मरम्मत नहीं की। इस बार भी 8 सितंबर की रात निकलने वाली झांकियों से पूर्व निगम ने चेतावनी जारी की है। जर्जर भवनों के सामने केवल नोटिस चस्पा करके अपनी जिम्मेदारी पूरी कर ली है। अब, एक दिन में कैसे उन जर्जर भवनों को ठीक किया जा सकेगा।

गांव गांव से हजारों लोग झांकी देखने आते हैं, जर्जर भवन के नीचे खड़े होते है, उन्हें भला क्या मालूम कि निगम ने चेतावनी दी है, क्योंकि अक्सर नोटिस या तो फट जाता है, या फाड़ दिया जाता है। ऐसे में गंभीर हादसा होने का अंदेशा है।

नगर निगम निवेश विभाग ने गणेश मूर्ति विसर्जन झांकी रूट में पुराने जर्जर भवनों पर स्टीकर लगाकर नागरिकों से जर्जर भवन से उचित दूरी बनाए रखने और उसके नीचे खड़े ना होने की अपील की है। नगर निवेशक आभाष मिश्रा के नेतृत्व में नगर निगम मुख्यालय नगर निवेश उड़नदस्ता और नगर निगम जोन 4 नगर निवेश विभाग की टीम ने 8 सितम्बर 2025 की रात्रि में निकाली जा रही झांकी के दौरान जर्जर भवनों में नोटिस चस्पा किया है।

प्रमुख मागों में सदर बाजार, सत्ती बाजार, कंकाली तालाब, पुरानी बस्ती, अवधियापारा, अमीनपारा, बैजनाथपारा मार्ग में स्थित जर्जर भवनों के स्वामियों को नोटिस जारी कर पुराने भवनों की तत्काल मरम्मत करवाने अथवा उन्हें हटाने के निर्देश दिए हैं। जर्जर भवनों में स्टीकर लगाकर भवनों से उचित दूरी बनाए रखने और उसके नीचे खड़े ना होने की अपील की है।

Share This Article