Vedant Samachar

इंग्लैंड ने दर्ज की सबसे बड़ी वनडे जीत, भारत का रिकॉर्ड तोड़ा; द. अफ्रीका ने 2-1 से नाम की सीरीज

Vedant Samachar
3 Min Read

नई दिल्ली,08 सितम्बर। साउथैम्प्टन में रविवार का दिन दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। इंग्लैंड ने उन्हें वनडे इतिहास की सबसे बड़ी हार झेलने पर मजबूर कर दिया। इंग्लैंड ने 342 रनों के रिकॉर्ड अंतर से जीत दर्ज की और दक्षिण अफ्रीका को 72 रन पर समेट दिया। इस मैच में इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने धमाकेदार प्रदर्शन किया और जोफ्रा आर्चर ने घातक गेंदबाजी की। इस हार के बावजूद दक्षिण अफ्रीका ने तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।

इंग्लैंड ने अपना पांचवां सबसे बड़ा स्कोर बनाया
इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 414 का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह उनका वनडे क्रिकेट में पांचवां सबसे बड़ा स्कोर है। युवा बल्लेबाज जैकब बैथल ने अपने करियर का पहला शतक जमाया। उन्होंने 82 गेंदों पर 110 रन बनाए जिसमें 13 चौके और तीन छक्के शामिल थे। उनके साथ जो रूट ने भी शानदार 100 रन बनाए। कप्तान जोस बटलर (नाबाद 62) और ओपनर जेमी स्मिथ (62) ने रनगति को और तेज कर दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की कठिनाइयां बढ़ा दीं।

दक्षिण अफ्रीका ने दर्ज की सबसे बड़ी हार
लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही। आर्चर ने नई गेंद से कहर बरपाते हुए महज 18 रन पर दक्षिण अफ्रीका के शीर्ष क्रम को चकनाचूर कर दिया। उन्होंने नौ ओवर में सिर्फ 18 रन देकर चार विकेट चटकाए। कप्तान एडन मार्करम को पहली ही ओवर में चलता किया और फॉर्म में चल रहे मैथ्यू ब्रीत्जके को भी सस्ते में निपटा दिया। इसके बाद ब्रायडन कार्स और आदिल रशीद ने निचले क्रम को समेट दिया। रशीद को तीन विकेट मिले।

दक्षिण अफ्रीका की ओर से केवल कॉर्बिन बॉश (20 रन) थोड़ी देर टिक पाए, लेकिन टीम 21वें ओवर में ही 72 पर ढेर हो गई। नियमित कप्तान टेम्बा बावुमा चोटिल होने के कारण नहीं खेले, जिससे बल्लेबाजी और भी कमजोर हो गई। यह हार वनडे क्रिकेट के इतिहास में किसी भी टीम की सबसे बड़ी रन अंतर वाली हार बन गई। इससे पहले का रिकॉर्ड 2023 में भारत ने श्रीलंका को 317 रनों से हराकर बनाया था।

वनडे मैचों में सबसे बड़ी जीत (रनों के आधार पर)

अंतर (रनों से)विजेता टीमहारने वाली टीमसाल
342इंग्लैंडदक्षिण अफ्रीका2025
317भारतश्रीलंका2023
309ऑस्ट्रेलियानीदरलैंड2023
304ज़िम्बाब्वेअमेरिका2023
302भारतश्रीलंका2023
290न्यूजीलैंडआयरलैंड2008
Share This Article