Vedant Samachar

82 मिनट तक देश भर में दिखा पूर्ण चंद्रग्रहण का नजारा

Vedant Samachar
2 Min Read

नई दिल्ली ,08 सितम्बर। साल का दूसरा और आख़िरी चंद्रग्रहण सोमवार रात को पूरे भारत में देखा गया। यह पूर्ण चंद्रग्रहण यानी ब्लड मून था, जो 82 मिनट तक चला। खगोल विज्ञान के लिहाज़ से यह बेहद खास अवसर रहा क्योंकि साल 2022 के बाद भारत में इतना लंबा पूर्ण चंद्रग्रहण पहली बार दिखा। ग्रहण रात 9:56 बजे शुरू हुआ और 1 बजकर 28 मिनट तक चला। कुल अवधि 3 घंटे 28 मिनट रही, जिसमें 82 मिनट तक पृथ्वी ने पूरी तरह से चांद को ढक लिया। इस दौरान चांद लाल-नारंगी रंग का नज़र आया।

दरअसल, पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है, जिससे उसकी छाया चांद पर पड़ती है और वह ब्लड मून में बदल जाता है। 27 जुलाई 2018 के बाद यह पहला मौका था जब देश के हर हिस्से से पूर्ण चंद्रग्रहण देखा गया। लोग इसे बिना किसी सुरक्षा उपकरण या चश्मे के नंगी आंखों से देख सके। हालांकि, टेलिस्कोप और दूरबीन की मदद से यह नजारा और भी साफ दिखा। यह खगोलीय घटना भारत के अलावा एशिया, पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया और यूरोप समेत कई हिस्सों में दिखाई दी। विशेषज्ञों के अनुसार, एशिया और ऑस्ट्रेलिया में ग्रहण सबसे देर तक और बेहतरीन तरीके से देखा गया क्योंकि उस समय वहां चांद आसमान में ऊंचाई पर था। वहीं यूरोप और अफ्रीका के लोग इसे चांद निकलते समय थोड़े समय के लिए ही देख पाए।

Share This Article