बेमेतरा,07 सितम्बर (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ राज्यस्तरीय उड़नदस्ते ने बेमेतरा जिले के नवागढ़ स्थित कम्पोजिट मदिरा दुकान पर मिलावटी शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 7 सितंबर 2025 को की गई इस कार्रवाई में टीम ने दुकान की जांच कर 7 पेटी देशी प्लेन सवा शेरा शराब जब्त की। जब्त की गई शराब की मात्रा 336 पाव (60.480 लीटर) बताई गई है।
जांच के दौरान उड़नदस्ता टीम ने पाया कि शराब की तेजी 68.9 UP है, जबकि मानक सीमा 50 UP तय है। निर्धारित मानक से अधिक तेजी होने के कारण इसे मिलावटी शराब मानते हुए छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 38(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इस कार्रवाई में मदिरा दुकान के सभी 9 कर्मचारियों को जिम्मेदार मानते हुए उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि यह कदम राज्य सरकार की मिलावटी और अवैध शराब के खिलाफ सख्त नीति का हिस्सा है। इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी ताकि शराब की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा बनी रहे। मामले की आगे की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



