चंडीगढ़,07 सितम्बर: पंजाब में बाढ़ से मची भारी तबाही के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 सितंबर को राज्य के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह विशेष रूप से गुरदासपुर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे और पीड़ित परिवारों से सीधा संवाद भी करेंगे।
पंजाब इस समय जल संकट से जूझ रहा है। बीते कुछ सप्ताहों में राज्य के 23 जिलों में बाढ़ का कहर देखा गया है, जिससे 1900 से अधिक गांव पूरी तरह से जलमग्न हो चुके हैं। प्रशासन के अनुसार, अब तक 3.84 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। दर्दनाक बात यह है कि इस प्राकृतिक आपदा में 48 लोगों की मौत हो चुकी है और चार से पांच लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
मौसम का फिर बदला मिजाज
जहां एक ओर राहत और बचाव कार्य जारी हैं, वहीं दूसरी ओर मौसम फिर से चुनौती बनकर सामने आया है। आज सुबह से ही पंजाब के कई इलाकों, विशेषकर जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर और अमृतसर में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने तरन तारन, जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, अमृतसर, गुरदासपुर और पठानकोट जिलों में दोपहर 12 बजे तक मध्यम बारिश का फ्लैश अलर्ट जारी किया है।
प्रशासन ने इन इलाकों के निवासियों से सतर्क रहने की अपील की है और कहा है कि ज़रूरत पड़ने पर लोग तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर रुख करें। राहत कैंपों और हेल्पलाइन नंबरों को सक्रिय कर दिया गया है।पंजाबी व्यंजन
प्रधानमंत्री करेंगे पंजाब का दौरा
प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो चुकी हैं। उनके इस दौरे के दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए केंद्र सरकार की ओर से अतिरिक्त राहत पैकेज की भी घोषणा की जा सकती है। स्थानीय प्रशासन को उम्मीद है कि प्रधानमंत्री की उपस्थिति से राहत कार्यों को और गति मिलेगी तथा पीड़ितों को तत्काल मदद पहुंचाई जा सकेगी।



