Vedant Samachar

कुलदीप यादव और अर्शदीप सिंह टीम से बाहर, इसलिए लिया गया ये फैसला

Vedant Samachar
3 Min Read

नई दिल्ली,03सितम्बर : चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह टीम से बाहर हो गए हैं. जी नहीं, हम यहां उनके एशिया कप की टीम इंडिया से बाहर होने की बात बिल्कुल भी नहीं कर रहे हैं. बल्कि, एशिया कप के चलते उन दोनों के दलीप ट्रॉफी की टीम से बाहर होने की बात कर रहे हैं. दलीप ट्रॉफी में कुलदीप यादव सेंट्रल जोन से खेल रहे थे. जबकि अर्शदीप सिंह नॉर्थ जोन की टीम का हिस्सा थे. मगर अब ये दोनों दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले में अपनी-अपनी टीमों से खेलते नहीं दिखेंगे.

कुलदीप-अर्शदीप टीम से बाहर
कुलदीप यादव और अर्शदीप सिंह, दोनों ही एशिया कप में टीम इंडिया का हिस्सा हैं. और इन्हें 4 सितंबर को दुबई के लिए रवाना होना है. 4 सितंबर से ही दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल के मुकाबले हैं. यही वजह है कि कुलदीप यादव ना तो सेंट्रल जोन से और ना ही अर्शदीप सिंह नॉर्थ जोन से खेलते दिखेंगे. दलीप ट्रॉफी के पहले सेमीफाइनल में नॉर्थ जोन को साउथ जोन से खेलना है. जबकि दूसरे सेमीफाइनल में सेंट्रल जोन की टीम का मुकाबला वेस्ट जोन से होगा.

दलीप ट्रॉफी का क्वार्टर फाइनल खेले थे कुलदीप-अर्शदीप
कुलदीप और अर्शदीप दोनों ने ही दलीप ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में अपनी-अपनी टीमों का प्रतिनिधित्व किया था. अर्शदीप सिंह ने ईस्ट जोन के खिलाफ खेले क्वार्टर फाइनल में 17 ओवर गेंदबाजी की थी, जिसमें 51 रन देकर 1 विकेट लिया था. वहीं कुलदीप यादव ने सेंट्रल जोन की तरफ से नॉर्थ-ईस्ट जोन के खिलाफ खेले दूसरे सेमीफाइनल में 20 ओवर गेंदबाजी की थी, जिसमें 55 रन दिए थे.

T20 एशिया कप में कुलदीप और अर्शदीप
अब ये दोनों खिलाड़ी एशिया कप में फिर से एक बार भारत के दबदबे की कहानी लिखने उतरेंगे. कुलदीप यादव का ये पहला T20 एशिया कप होगा. वहीं अर्शदीप सिंह दूसरी बार T20 एशिया कप में खेलने उतरेंगे. इससे पहले अर्शदीप ने साल 2022 में T20 एशिया कप खेला था, जिसमें उन्होंने 5 मैचों में 5 विकेट लिए थे.

Share This Article