रायपुर,03 सितम्बर (वेदांत समाचार) । पर्युषण पर्व पर जैन संवेदना ट्रस्ट ने दिव्यांग सेवा व साधर्मिक भक्ति व अनुकम्पा सेवा सप्ताह मनाया। इस दौरान ऋषभदेव जैन मंदिर प्रांगण में 18 दिव्यांगों को श्रवण यन्त्र वितरित किए गए। जैन संवेदना ट्रस्ट के महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने बताया कि इस साप्ताहिक वितरण में ट्रस्ट ने 8125 वां श्रवण यंत्र प्रदान किया।
कोचर व चोपड़ा ने कहा कि मानवता की सेवा जीवन का सर्वोत्तम कार्य है। जीवन भर सुनने के बाद जब बुढ़ापे में कम सुनाई देने लगता है तो बड़ी समस्या पैदा हो जाती है । इस वक़्त श्रवण यन्त्र ही बड़ा सहारा होता है। जैन संवेदना ट्रस्ट द्वारा जैन साधर्मिक परिवारों के लिए स्वास्थ्य सजग प्रहरी योजना का शुभारंभ किया गया। स्वास्थ्य सजग प्रहरी योजना में 2500 रुपये की सहयोग राशि प्रदान कर एक साधर्मिक परिवार के सजग प्रहरी बन सकते हैं। इस योजना के अंतर्गत बी पी व शुगर जांच की 18 – 18 मशीनों का वितरण किया गया।
महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने बताया कि नौकरीपेशा व मध्यमवर्गीय जैन परिवारों को आवश्यकता अनुसार 1 ब्लड प्रेशर मशीन व 1 शुगर टेस्टिंग इक्यूपमेंट दिया जा रहा है। पर्युषण पर्व में जिन परिवारों में ब्लड प्रेशर व शुगर से पीड़ित परिजन हैं ऐसे 18 परिवारों को मशीन वितरित की गई है। इसके अलावा सितम्बर माह में 25 परिवारों को और मशीन दी जावेगी। जिन साधर्मिक भाई बहनों के परिवार में ब्लड प्रेशर व शुगर के मरीज हों वे संपर्क कर नाम दर्ज करवा सकते हैं । जैन संवेदना ट्रस्ट द्वारा शुगर इक्यूपमेंट के साथ एक पैकेट जांच पट्टी भी दी जा रही है , आगे जांच पट्टी स्वयं को लेनी होगी । महेन्द्र कोचर व विजय चोपड़ा ने कहा कि जरूरत होने पर ब्लड प्रेशर व शुगर जांच करने का प्रशिक्षण भी दिया जाता है । ज्ञात हो कि जैन संवेदना ट्रस्ट द्वारा विगत दिनों में साधर्मिक स्वावलंबन योजना के अंतर्गत व्यवसाय में सहयोग किया जा रहा है व सुकन्या विवाह योजना पर कार्य किया जा रहा है ।



