साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के घर इस समय गम का माहौल है। आपको बता दें कि परिवार की सबसे बुजुर्ग सदस्य और दिवंगत कलाकार अल्लू रामलिंगैया की पत्नी अल्लू कनकारतन्म का 94 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, वे पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं और बीती रात करीब 1:45 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।अल्लू अर्जुन की दादी के निधन से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री शोक में डूब गई है। बता दें कि आज उनका अंतिम संस्कार हैदराबाद के कोकापेट में किया जाएगा। इस दुखद खबर के सामने आते ही इंडस्ट्री से जुड़े कई सितारे श्रद्धांजलि देने उनके घर पहुँच रहे हैं।
शूटिंग कैंसिल कर परिवार पहुँचे सितारे
दादी के निधन की खबर मिलते ही अल्लू अर्जुन मुंबई से हैदराबाद के लिए रवाना हो गए, जहाँ वे डायरेक्टर एटली की फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। वहीं, राम चरण ने भी अपनी आगामी फिल्म पेड्डी की शूटिंग रद्द कर दी और परिवार के साथ खड़े हो गए। बताया जा रहा है कि पवन कल्याण और नागाबाबू किसी मीटिंग में व्यस्त थे और वे अगले दिन परिवार से मिलने पहुँचेंगे।
परिवार में गहरा सदमा
अल्लू अर्जुन और राम चरण के अलावा पूरा अल्लू परिवार गमगीन है। रिश्तेदार, प्रशंसक और करीबी लोग इस कठिन समय में परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी फैंस अपने प्रिय स्टार के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
चिरंजीवी का भावुक संदेश
तेलुगु सुपरस्टार चिरंजीवी ने अपनी सास कनकारतन्मा के निधन पर एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि “हमारी सास… श्री अल्लू रामलिंगैया गारू की पत्नी कनकरथनम्मा गारू का निधन अत्यंत हृदयविदारक है। उन्होंने हमारे परिवारों के प्रति जो प्रेम, साहस और जीवन मूल्य दिखाए, वे सदैव प्रेरणा रहेंगे। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि उनकी आत्मा को शांति मिले। ओम शांति।” अल्लू कनकारतन्मा के निधन से इंडस्ट्री में गहरा सन्नाटा छा गया है।



