Vedant Samachar

भक्तों ने पेश की आस्था की मिसाल : बप्पा को नवरत्न जड़ित 750 ग्राम सोने का मुकुट अर्पित…कीमत सुनकर चौंक जाएंगे आप…

Vedant Samachar
3 Min Read

रायपुर,28अगस्त (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में गणेश पर्व की धूम देखी जा रही है। गणपति पंडालों में विराजमान हो चुके हैं। 10 दिन तक रायपुर में श्रद्धा, भक्ति और हर्ष का अदभुत माहौल देखने को मिलेगा। इस दौरान गोलबाजार में श्री सार्वजनिक हनुमान मंदिर ट्रस्ट और श्री बजरंग नवयुवक गणेश उत्सव समिति की ओर से बप्पा की पूजा अर्चना की जा रही है। पूजन उत्सव के दौरान भक्तों ने आस्था की अनोखी मिसाल पेश की है। भक्तों ने गणपति को नवरत्न जड़ित 750 ग्राम सोने का मुकुट भेंट किया है। जिसकी कीमत 75 लाख रुपए है।

उत्सव के शुभारंभ में डॉ रमन सिंह और स्वास्थ्य मंत्री समेत अन्य नेता रहे मौजूद

छत्तीसगढ़ के विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने उत्सव का शुभारंभ विधिवत पूजन अर्चना कर की। इस मौके पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विधायक सुनील सोनी भी मौजूद रहे। समारोह का संचालन सहकारी बैंक अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता ने की। उन्होंने बताया कि, 1885 से ये परंपरा निरंतर चली आ रही है।

गणपति के जयघोषण से वातावरण गूंज उठा

बड़ी संख्या में भक्त बप्पा को पंडाल में लेकर पहुंचे, भव्य सजावट और अनोखी थीम पर सजे पंडालों में भगवान गणेश को विराजित किया गया। इस मौके पर गणपति बप्पा मौरेया के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। इस बार रायपुर में पंडालों की सजावट आकर्षण का केंद्र है। जिसकी भव्यता भक्तों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। रायपुर के चौक-चौराहों से लेकर मोहल्ले तक पंडालों को पूरी भव्यता के साथ सजाया गया है। इसके अलावा बप्पा की प्रतिमाएं भी अदभुत और आकर्षक है।

लाखे नगर में बप्पा की अनूठी प्रतिमा विराजित की गई है। यहां बप्पा की आंखों की पलकें खुलती और बंद होती। जिसे देखने के लिए भक्त लालायित रहे। प्रतिमा की खास बात ये है कि, वर्तमान परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए इसे एआई टेक्ननिक पर जनरेट किया गया है। वहीं, गुढ़ियारी गणेशोत्सव समिति अपना शताब्दी वर्ष मना रहा है। 12 हजार वर्गफीट में लगे पंडाल में शिव की जीवंत लीलाओं को सजाया गया है। जिसमें चलित झाकियां भी है।

Share This Article