Vedant Samachar

नैनीताल के इस बाजार में भीषण लगी आग, हादसे में जलकर एक की हुई दर्दनाक मौत

Vedant Samachar
3 Min Read

नैनीताल के मल्लीताल बाजार में देर शाम अचानक लगी भीषण आग ने हड़कंप मचा दिया। आपको बता दें कि आग उस ऐतिहासिक इमारत में लगी जिसे ओल्ड लंदन हाउस के नाम से जाना जाता है। दरअसल अंग्रेजों के जमाने की यह इमारत अपनी शानदार बनावट और खूबसूरती के लिए मशहूर रही है। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। प्रशासन और दमकल की त्वरित कार्रवाई से आग पर अब काफी हद तक काबू पा लिया गया है, लेकिन इस हादसे में एक की मौत हो गई है।

मौके पर पहुंचीं दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें

सूचना मिलते ही दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने में मल्लीताल बाजार में लगे फायर हाइड्रेंट्स ने बड़ी भूमिका निभाई। नैनीताल के एसएसपी ने बताया कि आग पर लगभग नियंत्रण पा लिया गया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण की जांच जारी है।

ब्लैकआउट के बीच तलाश

एसएसपी ने बताया कि घटना के दौरान बिजली कटने से इलाके में ब्लैकआउट हो गया। इस बीच इमारत के भीतर एक महिला के फंसे होने की सूचना मिली, जिसके बाद विशेष टीम को तलाश के लिए लगाया गया। बाकी सभी लोगों को समय रहते सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन बाद में मलबे से एक शव बरामद किया गया, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

स्थानीय लोगों में निराशा

ओल्ड लंदन हाउस लंबे समय से नैनीताल शहर की पहचान और धरोहर माना जाता रहा है। इस इमारत में लगी आग की खबर से स्थानीय लोगों में गहरा दुःख और निराशा है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कुल कितना नुकसान हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि हेरिटेज बिल्डिंग को गंभीर क्षति पहुंची है।

जांच और नुकसान का आकलन जारी

प्रशासन ने बताया कि आग के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही इमारत की पूरी तरह तलाशी ली जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई और व्यक्ति अंदर न फंसा हो। नुकसान का आकलन भी जल्द ही किया जाएगा। नैनीताल की इस ऐतिहासिक धरोहर को हुई क्षति शहर के लिए बड़ी क्षति मानी जा रही है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आग की पूरी जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

Share This Article