भोपाल,02मार्च 2025: भोपाल के आनंद नगर में युवक ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। पिता का आरोप है कि बेटे ने प्रेम प्रसंग के चलते जान दी है। प्रेमिका उसे परेशान कर रही थी। आए दिन महंगे तोहफे मांगती थी। आईफोन की डिमांड कर रही थी। बेटा उसकी भाभी से सभी बातें शेयर करता था। सुसाइड से एक दिन पहले उसने भाभी को यह बातें बताई थीं।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। युवक का शव रविवार सुबह परिजनों ने बाथरूम में फंदे पर लटका देखा था। पुलिस ने पीएम के बाद बॉडी परिजनों को सौंप दी है। भाई की मौत के बाद बहन ने उसकी प्रेमिका के घर हंगामा किया। उसे पकड़ लिया और पुलिस बुलाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। हालांकि पुलिस ने युवती को छोड़ दिया है।
राज मीणा पिता मन्नू मीणा (18) कारपेंटर था और इंडस्ट्रीयल एरिया की एक फर्नीचर फैक्ट्री में जॉब करता था। उसके पिता ने बताया कि बेटे का रत्नागिरी में रहने वाली एक युवती से अफेयर था। बेटे ने यह बात घर में भी बता रखी थी, लड़की दूसरी समाज की थी। हम उसे समझाते थे, हमें शादी से कोई आपत्ति नहीं है। बस सही उम्र हो जाने दो हम शादी करा देंगे। वह लगातार युवती से फोन पर बातचीत करता था। समझाने पर भी नहीं मानता था।
भाभी को बताया गर्लफ्रेंड ने गिफ्ट में आई फोन मांगा
मन्नू ने बताया कि सुसाइड से एक दिन पहले बेटे ने भाभी को बताया था कि उसकी गर्लफ्रेंड गिफ्ट में आई फोन मांग रही थी। इससे पहले भी वह कई गिफ्ट लड़की को दे चुका था। लड़की उसे प्रताड़ित करने लगी थी। उसके प्रेम का फायदा उठाकर परेशान करती थी। बात नहीं करने की धमकी देकर उसे तंग करती थी। इसी लड़की के कारण मेरे बेटे की जान गई है।
पिता बोले लड़की पर कार्रवाई हो पुलिस ने उसे छोड़ दिया
मन्नू का कहना है कि लड़की पर कार्रवाई होना चाहिए, उसकी प्रताड़ना के कारण बेटे की जान गई है। हमने उसे पकड़कर पुलिस को सौंपा, पुलिस ने उसे छोड़ दिया है। वहीं पिपलानी थाने के टीआई अनुराग लाल ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के डिटेल बयान दर्ज नहीं किए जा सके हैं। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।