रायगढ़,24अगस्त (वेदांत समाचार) : छत्तीसगढ़ के रायगढ में 3 दुकानों में चोरी का मामला सामने आया है। जहां रात में चोर दुकान के उपर से भीतर घुसे और गल्ले में रखे कैश को लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार की देर रात अज्ञात चोर अशर्फी देवी अस्पताल रोड पर स्थित देवसर इलेक्ट्रानिक्स में धावा बोला। जहां दुकान के उपर रास्ते से चोर भीतर घुसे और यहां रखे करीब 10-15 हजार कैश को पार कर दिया। साथ ही यहां के CCTV का डीवीआर को भी साथ ले गए। इसके बाद बगल के मित्तल मेडिकल दुकान में चोरी करने के लिए घुसे, लेकिन दुकान काफी समय से बंद होने पर चोरों को कुछ ज्यादा नहीं मिला।
इसके बाद अज्ञात चोरों ने ऑल इज वेल मेडिकल दुकान में भी उपर के दरवाजे को तोड़कर भीतर घुसे और यहां गल्ला में रखे करीब 1 लाख से अधिक रुपए को पार कर दिया। बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी यहां से फरार हो गए। वहीं ऑल इज वेल मेडिकल दुकान के CCTV फूटेज में चोरों की तस्वीर कैद हुई है। जिसमें दो लोग दुकान के बाहर नजर आए और दो चोर भीतर चोरी कर रहे थे।
वहीं सुबह जब मेडिकल दुकान खोलने के लिए संचालक दुकान पहुंचे, तो यहां सामान बिखरा देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई और पता चला कि यहां 1 नहीं बल्कि 3 दुकानों में चोर चोरी करने घुसे थे। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। ऐसे में कोतवाली पुलिस, सायबर, पुलिस डाॅग स्क्वायड व फारेसिंक टीम मौके पर पहुंची और मामले में जांच शुरू कर दी। जहां पुलिस डाॅग रेलवे स्टेशन की ओर दौड़ी, लेकिन चोरों का कुछ पता नहीं चल सका है। हांलाकि पुलिस सीसीटीवी फूटेज खंगाल रही और मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जूट गई है।
इस संबंध में सिटी कोतवाली प्रभारी सुखनंदन पटेल ने बताया कि अशर्फी देवी अस्पताल रोड पर चोरी की घटना घटित हुई है। 3 दुकानों में चोर घुसे थे।
संचालक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पहुंचे हैं। इसके बाद कुल चोरी की रकम की जानकारी होगी। मामले में आगे की जांच की जा रही है।



