रायपुर, 24 अप्रैल (वेदांत समाचार)। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के पश्चिम जोन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को “कॉप ऑफ द मंथ” सम्मान से नवाजा गया। रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने कमिश्नर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान माह अप्रैल के लिए चयनित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। मादक पदार्थ (हीरोइन) के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए निरीक्षक एस.एन. सिंह (तत्कालीन कबीर नगर, वर्तमान थाना पंडरी), एएसआई घनश्याम साहू तथा आरक्षक आलोप राठौर, मोसिन खान और दीपक सिंह को सम्मानित किया गया। साइबर अपराधों के प्रभावी निराकरण के लिए आरक्षक आशीष शुक्ला (आमानका) को सम्मान मिला, जबकि एनसीसीआरसी पोर्टल में उत्कृष्ट कार्य और समग्र योगदान के लिए आरक्षक दिनेश पुराणिक (डीडी नगर) को सम्मानित किया गया।
साइबर अपराधियों का पता लगाने में विशेष भूमिका निभाने पर एएसआई जे.एल. पारकर (पुरानी बस्ती) को सराहा गया। लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए आरक्षक डागेश्वर गायकवाड (एसीपी ऑफिस पुरानी बस्ती) को सम्मान दिया गया। वारंट तामिली में उत्कृष्ट कार्य के लिए आरक्षक नंदकिशोर अग्रहरि (टिकरापारा) को सम्मानित किया गया। कमल विहार पुलिस सहायता केंद्र में उल्लेखनीय योगदान हेतु आरक्षक भारतेंद्र साहू को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। वहीं न्यायालयीन कार्यों के सुव्यवस्थित निष्पादन के लिए प्रधान आरक्षक कुलदीप पाठक (एसीपी ऑफिस आजाद चौक) को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले और पुलिस उपायुक्त पश्चिम संदीप पटेल भी उपस्थित रहे। उन्होंने सभी सम्मानित अधिकारी और कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट सेवा देने के लिए प्रेरित किया।

