रायपुर, 24 अगस्त (वेदांत समाचार)। रायपुर पुलिस ने वीडियो और लोकेशन शेयरिंग के माध्यम से हेरोइन का सिंडिकेट चलाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक अन्य महिला सदस्य को गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही रायपुर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कुल 35 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 1 करोड़ 58 लाख रुपये मूल्य की हेरोइन जब्त की है।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज रायपुर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट और थाना कबीर नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के 02 महिला सहित कुल 05 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इन आरोपियों के कब्जे से 273.19 ग्राम हेरोइन और घटना में प्रयुक्त 01 दोपहिया वाहन एवं 05 मोबाइल फोन जब्त किए गए थे।
आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने इस हेरोइन सप्लाई नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया। इसी कड़ी में पुलिस ने हरप्रीत कौर उर्फ हैप्पी नामक महिला पेडलर को गिरफ्तार किया है, जो रूपिंदर उर्फ पिंदर के साथ मिलकर हेरोइन की बिक्री करती थी।
गिरफ्तार महिला आरोपी हरप्रीत कौर उर्फ हैप्पी के कब्जे से 9.5 ग्राम हेरोइन, एक दोपहिया वाहन और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपये है।
गिरफ्तार महिला आरोपी हरप्रीत कौर उर्फ हैप्पी पति अमरीक सिंह उम्र 23 साल निवासी एलआईजी – 251, 252 वीरसावरकर नगर हीरापुर थाना कबीर नगर रायपुर है।
पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इस कार्रवाई से रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ अपनी प्रभावी कार्रवाई को जारी रखा है और अंतर्राज्यीय सप्लायरों व स्थानीय नेटवर्क के गठजोड़ को तोड़ने में सफलता हासिल की है।



