नई दिल्ली,24अगस्त : साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले दो वनडे गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे में धमाकेदार शुरुआत की है. ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए ऐसा कर पाना मुमकिन हो पाया है क्योंकि उसके ओपनर ट्रेविस हेड अपने फॉर्म में लौट आए. अब जब हेड फॉर्म में हों तो भला उनके आगे कोई गेंदबाज कहां टिकता है. लिहाजा, मुल्डर, महाराज, मारक्रम, कॉर्बिन… जो भी सामने आया वो सब पिटे. और, उन सबकी धुनाई करते हुए ट्रेविस हेड ने ना सिर्फ शतक जड़ा बल्कि अपने ओपनिंग पार्टनर मिचेल मार्श के साथ 200 से ज्यादा रन की साझेदारी भी की.
80 गेंदों में ट्रेविस हेड ने जमाया शतक
साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे के लिए मैदान पर उतरते ही ट्रेविस हेड ने अपने इरादे जता दिए. पहले तो उन्होंने सिर्फ 32 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया. फिर अपनी इनिंग की 80वीं गेंद पर उन्होंने सैंकड़ा जमा दिया. ट्रेविस हेड ने अपना अर्धशतक पूरा करने के लिए जहां 9 चौके और 1 छक्के का सहारा लिया था. वहीं शतक तक पहुंचने में उन्होंने 13 चौके और 3 छक्के लगाए.



