बिलासपुर, 24 अगस्त (वेदांत समाचार)। जिले की मस्तुरी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए गांजा तस्करी मामले में फरार आरोपी अखुजा उर्फ अकुजा महानंद को उड़ीसा से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
मामला 1 जुलाई 2025 का है, जब मुखबिर से सूचना मिली कि नीरज वर्मा उर्फ मोनू वर्मा नामक व्यक्ति बरगढ़ उड़ीसा से अवैध रूप से गांजा लेकर जयरामनगर रलिया के रास्ते से गनियारी थाना कोटा जा रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जयरामनगर एरमसाही रलिया तिराहा मोड़ के पास घेराबंदी की और आरोपी नीरज वर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी नीरज वर्मा के कब्जे से 20 किलो 100 ग्राम गांजा, एक रियलमी मोबाइल और एक वैगनआर कार बरामद की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 7.11 लाख रुपये आंकी गई।
आरोपी विनोद वर्मा के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपी अखुजा महानंद को सीडीआर और कैफ के आधार पर उसके घर से दबिश देकर पकड़ा। पूछताछ में उसके अपराध में शामिल होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद उसे 23 अगस्त 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में अखुजा उर्फ अकुजा महानंद पिता राजाराम महानंद उम्र 42 साल निवासी कबटटालाई थाना सोनपुर जिला सुभर्नापुर (उड़ीसा) शामिल है। अन्य आरोपी नीरज वर्मा उर्फ मोनू वर्मा, विनोद वर्मा उर्फ विनोद कुमार औधोलिया और अदीप कुमार वर्मा उर्फ टेंगना को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
मस्तुरी पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में गांजा तस्करी के खिलाफ एक मजबूत संदेश गया है। पुलिस आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रखेगी।



