Vedant Samachar

धोनी जैसा संघर्ष कर रहा ये खिलाड़ी, 19 गेंदों में मचाया ऐसा तूफान कि 20 साल के इस नौजवान का शतक ना आया काम

Vedant Samachar
3 Min Read

नई दिल्ली,20अगस्त : वो धोनी नहीं पर उसका संघर्ष धोनी जैसा जरूर है. वो भी धोनी की तरह रेलवे में नौकरी करता है और क्रिकेट खेलता है. वो रेलवे में क्लर्क हैं, जबकि धोनी टिकट कलेक्टर थे. वो भी विकेटकीपर बल्लेबाज है, मगर वो धोनी नहीं है. हम बात कर रहे हैं उपेन्द्र यादव की, जो कि अभी यूपी T20 लीग में खेल रहे हैं. 28 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज उपेन्द्र यादव का नाम पहले भी चर्चा में रह चुका है. मगर अभी उनकी बात यूपी T20 लीग में 19 अगस्त को खेले मुकाबले में किए धमाकेदार प्रदर्शन के चलते हो रही है. उपेन्द्र यादव ने बल्ले से सिर्फ 19 गेंदों में जो तहलका मचाया है, जिस तरह से चौके कम और छक्के ज्यादा उड़ाए हैं, उसके बाद मैच में शतक लगाने वाले खिलाड़ी का रंग भी फीका पड़ गया.

उपेन्द्र यादव ने की रनों की आतिशबाजी
19 अगस्त को यूपी T20 लीग में कानपुर सुपरस्टार्स और काशी रुद्रास के बीच मुकाबला खेला गया. इस मैच में उपेन्द्र यादव काशी की टीम का हिस्सा थे, जिसने मैच में पहले बल्लेबाजी भी की. काशी रुद्रास की शुरुआत जोरदार हुई. उसके टॉप ऑर्डर ने स्कोर बोर्ड में 132 रन सिर्फ 14.2 ओवर में जोड़ दिेए. लेकिन, रनों की असली आतिशबाजी अभी बाकी थी, जिसने काशी रुद्रास के बेजोड़ आगाज को बड़े स्कोर में बदलकर रख दिया.

19 गेंदों पर 236.84 की स्ट्राइक रेट से ठोके रन
मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करने उतरे उपेन्द्र यादव ने काशी रुद्रास के लिए मैच को अंजाम तक ले जाने का काम किया. उन्होंने आखिर तक नाबाद रहते हुए 19 गेंदों पर 236.84 की स्ट्राइक रेट से 45 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 4 छक्का शामिल रहा. चौथे नंबर पर उतरकर उपेन्द्र यादव की इस तूफानी पारी का असर ये हुआ कि काशी रुद्रास ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 201 रन बना दिए.

आदर्श सिंह के शतक के बाद भी कानपुर सुपरस्टार्स की हार
अब कानपुर सुपरस्टार्स के सामने 202 रन का लक्ष्य था, जिसका पीछा करने उतरी उस टीम के लिए उसके 20 साल के बल्लेबाज आदर्श सिंह ने 59 गेंदों पर 9 चौके और 5 छक्के की मदद से नाबाद 100 रन बनाए. हालांकि, उपेन्द्र यादव के 19 गेंदों पर मचाए कोहराम के सामने आदर्श सिंह के उस शतक का रंग तब फीका पड़ गया जब उनकी टीम कानपुर सुपरस्टार्स को हार का सामना करना पड़ा. कानपुर सुपरस्टार्स ने आदर्श सिंह के शतक के बावजूद 20 ओवर में सिर्फ 177 रन बनाए.

Share This Article