प्रातः 6 बजे जिनमंदिर के खुलेंगे पट: स्नात्र, अष्टप्रकारी व नवांगी पूजन दोपहर प्रभु प्रतिमाओं की आंगी
रायपुर,19अगस्त (वेदांत समाचार) । सीमंधर स्वामी जैन मंदिर व जिनकुशल सूरि जैन दादाबाड़ी में पर्वाधिराज पर्युषण महापर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। सीमंधर स्वामी जैन मंदिर व दादाबाड़ी ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष बैद व महासचिव महेन्द्र कोचर ने बताया कि प्रतिदिन रात्रि 8.30 बजे से प्रभु भक्ति महोत्सव में छत्तीसगढ़ के ख्यातिनाम जैन भजन गायक प्रस्तुति देंगे।
पर्युषण पर्व के प्रथम दिवस सुप्रसिद्ध जैन भजन गायक सी ए प्रतीक बैद भैरव सोसायटी स्थित जिनमंदिर में भक्ति गीत प्रस्तुत करेंगे आज की प्रभुभक्ति के लाभार्थी मूलचंद संतोष सरला बैद परिवार हैं।
पर्युषण पर्व के अवसर पर प्रातः 6 बजे मंदिर जी के पट खोले जाएंगे। परमात्मा के जन्मकल्याणक की स्नात्र पूजा, अष्टप्रकारी पूजा, परमात्मा की नवांगी पूजा, चैत्यवन्दन होगा। विश्व में एकमात्र जैन धर्म में ही कोई भी श्रावक श्राविका प्रभु परमात्मा के मूल गंभारे में जाकर मूर्ति को स्पर्श कर पूजन कर सकता है।
दोपहर में सीमंधर महिला मण्डल , विमल महिला मण्डल व भैरव सोसायटी श्रीसंघ के भक्तों द्वारा परमात्मा व दादागुरुदेव की मूर्तियों की आंगी सजावट की जावेगी। रात्रि में 8 . 30 बजे से प्रभु भक्ति व दादागुरुदेव इक्तिसा जाप होगा । आरती व मंगल दिवा पश्चात जिनमंदिर के पट मंगल होंगे।
आज से प्रतिदिन वर्तमान काल में महाविदेह क्षेत्र में विराजमान सीमंधर स्वामी की प्रतिमा, सुमति नाथ जी, पार्श्वनाथ जी, महावीर स्वामी, गौतम स्वामी जी व चारों दादागुरुदेव की प्रतिमाओं की मनमोहक आंगी बनाई जावेगी ।



