Vedant Samachar

बड़ी खबर : ज्यादा सामान पर अब प्लेन की तरह ट्रेन में भी लगेगा जुर्माना, जानें क्या है नया नियम…

Vedant samachar
3 Min Read

ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव होने जा रहा है. अब विमानों की तरह ट्रेन में भी तय मानक से ज्यादा समान ले जाने पर अतिरिक्त किराया देना होगा. इसके लिए उत्तर मध्य रेलवे का प्रयागराज मंडल जंक्शन समेत प्रमुख स्टेशनों पर वजन तौलने वाली इलेक्ट्रॉनिक मशीनें लगाने जा रहा है.इन मशीनों के जरिए यात्रियों को सामान का वजन होगा.

वजन के दौरान अगर सामान तय मानक से ज्यादा हुआ तो इसके लिए यात्री को एक्स्ट्रा चार्ज देना होगा. जानकारी के मुताबिक, अगर कोई यात्री तय सीमा से अधिक सामान लेकर यात्रा करना चाहता है तो एडवांस बुकिंग में चार्ज दे सकता है. अगर उसने तय सीमा से ज्यादा सामान के लिए चार्ज नहीं दिया है तो, उसे जुर्माना देना होगा.

इन स्टेशनों पर शुरू होगी व्यवस्था

शुरुआत में यह व्यवस्था प्रयागराज मंडल के प्रमुख स्टेशनों से करने का फैसला किया है. इनमें प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, सूबेदारगंज, कानपुर सेंट्रल, मिर्जापुर, टूंडला, अलीगढ़ जंक्शन, गोविंदपुरी और इटावा स्टेशन पर लागू की जाएगी. इन स्टेशनों पर जल्द ही इलेक्ट्रॉनिक लगेज मशीनें लगाई जाएंगी. जहां यात्रियों के सामान की जांच की जाएगी.

लगेज का साइज भी होगा चेक

प्रयागराज मंडल के सीनियर डीसीएम हिमांशु शुक्ला का कहना है कि इस पर मंथन चल रहा है. अगर किसी का लगेज साइज काफी बड़ा है, भले ही उसका वजन निर्धारित सीमा से कम हो, तो भी अधिक जगह घेरने के कारण उस जुर्माना लगाया जाएगा. लगाया गया जुर्माना सामान्य दर से ज्यादा होगा.

किस कोच में कितना सामान की अनुमती?

इसमें यात्रियों के क्लास के हिसाब से लगेज सीमा तय की गई है. तय सीमा के मुताबिक फर्स्ट एसी वाले यात्री 70 किलो तक लगेज ले जा सकते हैं. वहीं सेकंड एसी वाले यात्री 50 किलो तक तो थर्ड एसी वाले 40 किलो तक सामान ले जा सकते हैं. जबकि स्लीपर क्लास वाले भी 40 किलो तक तो जनरल और सेकंड सिटिंग वाले लोग 35 किलो तक सामान ले जा सकेंगे.

रेलवे ने क्या कहा?

रेलवे का कहना है कि यह नियम सभी यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है. नियम सभी यात्रियों पर समान रूप से लागू होगा और किसी भी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी. रेलवे का कहना है कि यदि किसी यात्री को अपने साथ अधिक सामान ले जाने की आवश्यकता है, तो वह पहले से बुकिंग कर सकता है. इससे उन्हें यात्रा के दौरान परेशानी नहीं होगी.

Share This Article