छिंदवाड़ा,19अगस्त। जिले में खाद की कमी को लेकर सोमवार को किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित किसानों ने तहसील कार्यालय के सामने स्थित यूरिया वितरण केंद्र पर किसानों ने सिवनी–छिंदवाड़ा मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे किसानों का आरोप है कि, केंद्र में यूरिया खुलेआम ब्लैक में बेचा जा रहा है, जिससे उन्हें पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल पा रहा है। खाद के लिए सुबह 6 बजे से लाइन भी लगना पड़ता है। कामकाज छोड़कर दूर-दराज से किसान वितरण केंद पहुंचते हैं। इसके बावजूद भी उन्हें निराशा हाथ लगती है। इसी से तंग होकर किसानों ने सड़क जामकर प्रदर्शन किया।
पुलिस और किसानों के बीच झूमाझटकी
चक्काजाम की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। इस दौरान किसान और पुलिस के बीच झूमाझटकी भी देखने को मिली। किसानों को सड़क से हटाने को लेकर पुलिस ने बल का भी प्रयोग किया। इस बीच, एक पुलिसकर्मी ने डंडा चलाया तो मौके पर मौजूद महिला किसान ने पुलिस को चप्पल से पीट दिया। लेकिन, किसी तरह मामला शांत हुआ।
लगातार बनी है खाद की किल्लत
एमपी के कई जिलों में सरकार और प्रशासन के दावे उल्टे पड़ गए हैं। खाद की किल्लत लगातार बनी हुई है। जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। खाद के लिए किसानों में मारामारी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। सुबह से लाइन लगाने के बाद भी हालात जस के तस है। कई बार वितरण केंद्र में विरोध और मारपीट की खबरें भी आती है। बावजूद इसके प्रशासन स्थिति का जायजा नहीं ले रहे हैं। ऐसे में किसानों का कहना है कि, फसलें खराब हो रही है। कई बार प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं। पर इसका फायदा मिलता नहीं दिख रहा।



