Vedant Samachar

CG NEWS : 845 पदोन्नत प्राचार्यों के लिए रायपुर में होगी ओपन काउंसिलिंग, 20 से 23 अगस्त तक चलेगा कार्यक्रम

Vedant samachar
2 Min Read

रायपुर, 18 अगस्त (वेदांत समाचार) I छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग ने प्राचार्य (टी-संवर्ग) के पदों पर पदोन्नति के आदेश जारी कर दिए हैं। अब इन 845 पदोन्नत प्राचार्यों की पदस्थापना के लिए रायपुर में ओपन काउंसिलिंग का आयोजन किया जा रहा है।

यह काउंसिलिंग 20 अगस्त से 23 अगस्त 2025 तक शासकीय शिक्षा महाविद्यालय परिसर, शंकर नगर रायपुर में आयोजित की जाएगी। काउंसिलिंग हर दिन सुबह 10 बजे से शुरू होगी और दो पालियों में चलेगी। हर पाली में 150-150 अभ्यर्थी बुलाए जाएंगे, जिससे रोज़ाना कुल 300 अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग होगी। काउंसिलिंग की तारीख, समय, और रिक्त पदों की जानकारी स्कूल शिक्षा विभाग की वेबसाइट https://eduportal-cg-nic-in/ पर उपलब्ध है।

रिटायर होने वाले शिक्षकों को दी जाएगी प्राथमिकता

पदोन्नति और पदस्थापना की प्रक्रिया वरिष्ठता और शासन के तय नियमों के अनुसार की जाएगी। इसमें व्याख्याता, व्याख्याता (एल.बी.) और प्रधानपाठक (पूर्व माध्यमिक शाला) को 2:1:1 के अनुपात में प्राथमिकता दी गई है। साथ ही एक साल के अंदर रिटायर होने वाले शिक्षकों को पहले मौका दिया जाएगा। काउंसिलिंग में सबसे पहले दिव्यांग अभ्यर्थियों को, फिर महिलाओं को और अंत में पुरुषों को वरिष्ठता के आधार पर संस्था चयन का मौका मिलेगा।

अभ्यर्थियों को लाना होगा ये प्रमाण पत्र

सभी अभ्यर्थियों को अपने साथ सेवा प्रमाण पत्र, पदस्थापना संबंधित जानकारी और फोटोयुक्त पहचान पत्र लाना अनिवार्य है। दिव्यांग अभ्यर्थियों को अपना प्रमाण पत्र भी लाना होगा।

23 अगस्त को काउंसिलिंग का अंतिम मौका

काउंसिलिंग के लिए वेटिंग हॉल और काउंसिलिंग कक्ष अलग-अलग निर्धारित किए गए हैं, जहां केवल अभ्यर्थियों को ही प्रवेश मिलेगा। काउंसिलिंग में जो अभ्यर्थी तय तारीख को नहीं आ पाते, उन्हें अंतिम दिन यानी 23 अगस्त को मौका दिया जाएगा। काउंसिलिंग पूरी होने के बाद शासन द्वारा पदस्थापना आदेश जारी किए जाएंगे और सभी को आदेश मिलने के 7 दिनों के भीतर नए स्थान पर पदभार ग्रहण करना होगा।

Share This Article