छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की मांग

बिलासपुर,01 मार्च (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ राज्य प्राचार्य पदोन्नति संघर्ष मोर्चा तथा छत्तीसगढ़ राज्य सर्वशासकीय सेवक अधिकारी-कर्मचारी पदोन्नति संघर्ष मोर्चा ने प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग में व्याख्याता तथा प्रधान पाठकों की प्राचार्य पदोन्नति की मांग की है.

प्रदेश संयोजक सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रदेश में 3500 से अधिक शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों में प्राचार्य के पद 11 वर्षों से रिक्त पड़े हैं। उन्होंने कहा कि प्राचार्य पदोन्नति के अभाव में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

प्रदेश संयोजक सतीश प्रकाश सिंह ने माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को पत्र प्रेषित कर प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग में 3500 से अधिक रिक्त प्राचार्य के समस्त पदों पर व्याख्याता तथा प्रधान पाठकों से प्राचार्य पदोन्नति का आदेश 25 मार्च 2025 के पूर्व जारी किए जाने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि प्राचार्य पदोन्नति के अभाव में प्रत्येक माह सैकड़ों की संख्या में वरिष्ठ व्याख्याता एवं प्रधान पाठक बिना प्राचार्य बने रिटायर्ड हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को प्राचार्य पदोन्नति की समस्त विभागीय प्रक्रिया को अविलम्ब पूर्ण कर 25 मार्च 2025 के पूर्व प्राचार्य पदोन्नति का आदेश जारी करना चाहिए।

प्रदेश संयोजक सतीश प्रकाश सिंह ने कहा कि प्राचार्य पदोन्नति के बाद “टी” एवं “ई” संवर्ग के समस्त शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों में विषयवार व्याख्याता के रिक्त समस्त पदों पर उच्च वर्ग शिक्षक तथा शिक्षक संवर्ग से व्याख्याता पद पर पदोन्नति की जानी चाहिए। साथ ही, पूर्व माध्यमिक शालाओं एवं प्राथमिक शालाओं में रिक्त प्रधान पाठक के समस्त पदों पर सहायक शिक्षक संवर्ग/शिक्षक संवर्ग से नये शिक्षा सत्र प्रारम्भ होने के पूर्व पदोन्नति की जानी चाहिए।