Vedant Samachar

BCCI की अंदरूनी राजनीति का हुए शिकार… रोहित-विराट के संन्यास पर चौंकाने वाला दावा…

Vedant Samachar
3 Min Read

नई दिल्ली,16अगस्त : भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज रोहित शर्मा और विराट कोहली, ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान करके सभी को चौंका दिया था. इंग्लैंड दौरे से ठीक पहले इन दोनों खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया के जरिए अपने टेस्ट करियर को अलविदा कहा था, जिसके बाद कई सवाल उठे थे. पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज करसन घावरी ने इस मामले में सनसनीखेज दावा किया है कि इन दोनों खिलाड़ियों का संन्यास अपनी इच्छा से नहीं था, बल्कि बीसीसीआई और चयनकर्ताओं की अंदरूनी राजनीति का नतीजा था.

करसन घावरी का चौंकाने वाला बयान
करसन घावरी का मानना है कि कोहली कम से कम दो साल और टेस्ट टीम में बने रह सकते थे. उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि कैसे भारत के सबसे बेहतरीन क्रिकेटरों में से एक को बीसीसीआई ने विदाई तक नहीं दी. विक्की लालवानी शो में कोहली के अचानक संन्यास के बारे में पूछे जाने पर घावरी ने कहा, ‘यह एक रहस्य है. कोहली को निश्चित रूप से भारत के लिए खेलना जारी रखना चाहिए था, शायद अगले कुछ सालों तक. लेकिन मुझे लगता है कि किसी चीज ने उन्हें संन्यास लेने पर मजबूर कर दिया. जब उन्होंने संन्यास लिया, तो बीसीसीआई ने उन्हें विदाई भी नहीं दी.’

करसन घावरी ने इस दौरान ये भी दावा किया कि रोहित और कोहली भारतीय टीम मैनेजमेंट की आंतरिक राजनीति का शिकार हुए हैं. घावरी ने कहा, ‘यह बीसीसीआई की अंदरूनी राजनीति है जिसे समझना मुश्किल है. और मुझे लगता है कि शायद यही वजहें हैं कि उन्होंने समय से पहले संन्यास ले लिया. यहां तक कि रोहित शर्मा ने भी समय से पहले संन्यास ले लिया. उन्हें बाहर जाने के लिए कहा गया था. ऐसा नहीं है कि वे जाना चाहते थे. वे बने रहना चाहते थे. लेकिन सेलेक्टर्स और बीसीसीआई के विचार अलग थे. यह किसी तरह की तुच्छ राजनीति का मामला है.’

वनडे से संन्यास की अटकलें भी तेज
बता दें, रोहित शर्मा और विराट कोहली ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद टी20I फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था. वहीं, इस साल की शुरुआत में उन्होंने टेस्ट को अलविदा कहा. अब ये दोनों खिलाड़ी सिर्फ वनडे का हिस्सा हैं. इस साल अक्टूबर में टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया का दौरा करना है, जहां वनडे सीरीज खेली जाएगी. लेकिन कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक ये दौरा रोहित और विराट का आखिरी दौरा हो सकता है. हालांकि इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.

Share This Article